Acid Attack : महिला मित्र के बहकावे में आकर पत्नी व बेटी पर डाला तेजाब, पुलिस ने भेजा जेल
कैंट क्षेत्र के कूडाघाट में रहने वाले अजय साहनी नाम के युवक ने पत्नी और बेटी पर तेजाब डाल दिया। महिला मित्र के बहकावे में आकर उसने उसने यह कृत्य किया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। पत्नी व बेटी को तेजाब से जलाने के आरोपित दर्जी को कैंट पुलिस ने 10 सितंबर की रात में गिरफ्तार कर लिया। 11 सितंबर को आरोपित को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने न्यायिक अभिरक्षा में उसे जेल भेज दिया गया है। तेजाब से झुलसीं मां-बेटी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। डाक्टरों ने उनकी हालत में सुधार बताया है।
पत्नी व बेटी पर एसिड अटैक के लिए महिला मित्र ने भड़काया
कैंट क्षेत्र के पीपीलडाड़ा निवासी अजय साहनी पेशे से दर्जी है। कूड़ाघाट चौराहे पर ही वह सिलाई का काम करता है। बताते हैं कि इलाके की ही एक महिला से अजय की दोस्ती है। महिला से दोस्ती की बात को लेकर अजय का पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। विवाद में अजय के बच्चे मां के साथ रहते थे। खासतौर से बड़ी बेटी। पुलिस के मुताबिक अयज की महिला मित्र, उसे पत्नी व बेटी को सबक सिखाने के लिए कई दिन से भड़का रही थी। उसके बहकावे में आकर अजय 10 सितंबर को दोपहर में शराब के नशे में धुत होकर घर पहुचा और साथ लाया गया तेजाब बरामदे में बैठी पत्नी गीता और बाथरूम में स्नान कर रही बेटी अर्पिता के ऊपर डाल दिया। दोनों बुरी तरह से झुलस गईं।
पड़ाेसियों ने पहुंचाया अस्पताल
तेजाब से झुलसी मां-बेटी जलन से परेशान होकर चीखने लगीं। शोर सुनकर पड़ाेसी पहुंचे तो मां-बेटी की हालत देखकर सकते में आ गए। बाद में पड़ाेसियों ने ही उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पड़ाेसियों के पहुंचने से पहले ही आरोपित पति मौके से फरार हो गया।
बीयर की दो बोतल में भर कर लाया था तेजाब
पड़ाेसियों ने ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर से बीयर की दो खाली बोतलें बरामद किया है। चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि पत्नी और बेटी पर डालने के लिए बीयर की दोनों बोतलों में ही अजय तेजाब भरकर लाया था। दोनों के ऊपर तेजाब डालने के बाद बोतल वहीं फेंक कर फरार हो गया।
देर रात पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
एसिड अटैक की घटना की जानकारी होते ही अधिकारी से लेकर स्थानीय पुलिस तक सक्रिय हो गए। एसएसपी ने कैंट थानेदार को आरोपित को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। कैंट पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर 10 सितंबर की देर रात पुलिस ने कूड़ाघाट तिराहे के पास से आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया।
छह साल से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद
पूछताछ में अजय ने पुलिस को बताया कि पत्नी से रिश्ता ठीक नहीं चल रहा था। छह साल से दोनों अलग रहते थे। तीनों बच्चे भी अपनी मां का सपोर्ट करते थे। इसी खुन्नस में 10 सितंबर की दोपहर पत्नी गीता व बड़ी बेटी अर्पिता को तेजाब से जलाकर मारने का प्रयास किया था। प्रभारी निरीक्षक कैंट सुधीर सिंह ने बताया कि अजय की छोटी बेटी अराधना ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिला अस्पताल में भर्ती महिला व उसकी बेटी की स्थिति में सुधार है।