गोरखपुर में एडीजी कार्यालय के सामने मुनीम से 90 हजार की लूट, पुलिस को लग रहा संदिग्ध Gorakhpur News
पीछे एक ही बाइक पर सवार दो युवक विष्णु के ठीक पीछे चलते हुए लगातार हार्नबजाने लगे। इससे हड़बडाए विष्णु ने एडीजी कार्यालय गेट के सामने पहुंचे और सड़क किनारे बाइक रोक दी।
गोरखपुर, जेएनएन। एडीजी जोन के कार्यालय के ठीक सामने बुधवार को बाइक सवर बदमाशों ने ईंट भट्ठा के मुनीम से 90 हजार रुपये लूट लिए। मुनीम ने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा किया लेकिन पकड़ नहीं पाया। तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए बदमाश, जमना लाल बजाज पार्क के सामने से जिला अस्पताल की तरफ भाग निकले। मौके पर एसपी सिटी और प्रभरी सीओ कैंट तथा कैंट पुलिस पहुंची थी। शुरुआती छानबीन के बाद पुलिस ने घटना को संदिग्ध करार दिया है।
ईंट भट्ठे पर पहुंचाने के लिए लिया था पैसा
कैंट क्षेत्र के हरिओम नगर निवासी संदीप सिंह का गुलरिहा क्षेत्र के नवापार और सहजनवां में ईंट भट्ठा है। गुलरिहा क्षेत्र के ही मिर्चाइन गांव निवासी विष्णु प्रताप सिंह ईंट भट्ठे पर मुनीम हैं। मालिक के घर से विष्णु 90 हजार रुपये लेकर सहजनवां ईंट भट्ठे पर पहुंचने जा रहे थे।
इस रोड पर हुई घटना
दोपहर 12 बजे के बाद दीवानी कचहरी गेट के सामने पहुंचे थे। पीछे एक ही बाइक पर सवार दो युवक, विष्णु के ठीक पीछे चलते हुए लगातार हार्नबजाने लगे। इससे हड़बडाए विष्णु ने एडीजी कार्यालय गेट के सामने पहुंचे और सड़क किनारे बाइक रोक दी।
पीछे से आरहे युवकों ने भी उनके बगल में बाइक रोकी और पिट्ठू बैग छीन कर जमना लाल बजाज पार्क की तरफ भाग निकले। विष्णु उनका पीछा करते हुए रीड साहब के धर्मशाला तक गए थे, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। उन्होंने घटना की सूचना अपने एक दोस्त को दी। बाद में घटनास्थल पर लौट कर 100 नंबर पर फोन किया।
पुलिस ने मामला संदिग्ध होने का दिया तर्क
पुलिस का कहना है कि जिस समय की घटना बताई जा रही है उस समय एडीजी कार्यालय के आसपास दो होमगार्ड जवानों की ड्यूटी थी। दोनों जवान ड्यूटी पर मौजूद भी थे। उन्होंने इस तरह की कोई घटना होने से इन्कार किया है। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की वारदात होने को पुलिस असंभव बता रही है। एसपी सिटी डा. कौस्तुभ ने बताया कि प्रथमदृष्टया घटना संदिग्ध नजर आने के बावजूद छानबीन की जा रही हैं।