खाद कारखाना का 88 फीसद काम पूरा, संयुक्त सचिव ने निर्माण कार्य देखा Gorakhpur News
संयुक्त सचिव गुरवीन सिद्धू ने अवर सचिव सचिन कुमार एचयूआरएल के निदेशक अरुण कुमार गुप्ता वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीके दीक्षित के साथ खाद कारखाना परिसर का निरीक्षण किया।
गोरखपुर, जेएनएन। हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के खाद कारखाना का 88 फीसद काम पूरा हो चुका है। शनिवार को खाद कारखाना पहुंचीं उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय की संयुक्त सचिव गुरवीन सिद्धू ने परिसर में स्थापित 132 केवी ट्रांसमिशन उपकेंद्र के स्विच यार्ड का उद्घाटन किया।
किया निरीक्षण, ली जानकारी
संयुक्त सचिव गुरवीन सिद्धू ने अवर सचिव सचिन कुमार, एचयूआरएल के निदेशक अरुण कुमार गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीके दीक्षित के साथ खाद कारखाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रीलिंग टॉवर समेत सभी निर्माण कार्य देखे। मशीनों को स्थापित करने का काम देखा और मशीनों के खाद कारखाना पहुंचने के बारे में जानकारी ली। संयुक्त सचिव ने खाद कारखाना में चल रहे कार्यों पर संतोष जताया।
निर्धारित समय में पूरा होगा खाद कारखाना का काम
संयुक्त सचिव ने खाद कारखाना परिसर में पौधरोपण भी किया। एचयूआरएल के निदेशक अरुण गुप्ता ने बताया कि खाद कारखाना का निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करा लिया जाएगा।
अचानक रद हुआ सचिव का दौरा
खाद कारखाना का निरीक्षण और स्विच यार्ड का उद्घाटन करने उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय के सचिव छबीलेंद्र राउल को आना था। लेकिन नई दिल्ली में अचानक कोई बैठक होने के कारण उन्होंने अपना दौरा आखिरी समय में रद कर दिया। इसके बाद संयुक्त सचिव, अपर सचिव और खाद कारखाना के निदेशक ने खाद कारखाना पहुंचकर निरीक्षण किया।
फरवरी 2021 में शुरू होना है कारखाना
फरवरी 2021 में खाद कारखाना शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसे देखते हुए काम तेजी से किए जा रहे हैं। वरिष्ठ प्रबंधक सुबोध दीक्षित ने बताया कि मशीनों की सफाई का काम शुरू करा दिया गया है। संयुक्त सचिव ने कार्यों पर संतोष जताया और खाद कारखाना की पूरी टीम की पीठ थपथपाई।