रेलवे की सालाना रिपोर्ट, पूर्वोत्तर रेलवे में पकड़े गए 70 हजार बिना टिकट व अनियमित यात्री Gorakhpur News
भारतीय रेलवे में बिना टिकट और अनियमित 54 लाख लोग पकड़े गए। टिकटों के अवैध कारोबार में लिप्त 321 कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया। 1960 यूजर आइडी ब्लाक किए गए।
गोरखपुर, जेएनएन। रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक अरुण कुमार के मार्गदर्शन में 2019 में वर्ष पर्यंत देशभर में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान आरपीएफ ने वाणिज्य विभाग के साथ मिलकर टिकट जांच अभियान चलाया। पूर्वोत्तर रेलवे में 1217 अभियान चलाए गए, जिसमें बिना टिकट और अनियमित कुल 70 हजार चार सौ यात्री पकड़े गए।
तीन करोड़ 15 लाख रुपये की वसूली
रेलवे में चलाए गए जांच अभियान के दौरान पकड़े गए लोगों से जुर्माना और किराया के रूप में लगभग तीन करोड़, 15 लाख रुपये की वसूली की गई। रेलवे का अभियान चलता रहेगा।
सालभर में टिकटों के 321 अवैध कारोबारी गिरफ्तार
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार भारतीय रेलवे में बिना टिकट और अनियमित 54 लाख लोग पकड़े गए। टिकटों के अवैध कारोबार में लिप्त 321 कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया। 1960 यूजर आइडी ब्लाक किए गए।
बिना वजह खतरे का जंजीर खींचने वाले 2582 यात्री धराए
टिकट जांच के अलावा अन्य अभियान भी चलाए गए, जिसमें पूर्वोत्तर रेलवे में बिना वजह खतरे का जंजीर खींचने वाले 2582 लोग पकड़े गए। महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी अभियान चलाए गए। महिला बोगियों में यात्रा करते 142 पुरुष यात्री पकड़े गए।
कई तरह के अभियान भी चले
रेलवे में अतिक्रमण, स्टेशन पर घर से भटके बालक-बालिकाओं, कोयला व अन्य सामानों की चोरी, ट्रेनों पर पत्थरबाजी और आपरेशन थ्रस्ट नाम से लगातार अभियान चलाए गए।