57 बूथों पर मतदान करेंगे पूर्वोत्तर रेलवे के 44719 कर्मचारी Gorakhpur News
चुनाव को लेकर एनई रेलवे मजदूर यूनियन पीआरकेस पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ एनई रेलवे मेंस कांग्रेस पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई है।
गोरखपुर, जेएनएन। कर्मचारी संगठन की मान्यता के लिए होने वाले चुनाव (सेक्रेट बैलेट इलेक्शन) में पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर सहित लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडल व कारखानों के 44719 कर्मचारी शामिल होंगे। गुप्त मतदान के लिए कुल 57 बूथ बनाए जाएंगे। चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है। वैसे अप्रैल या मई में चुनाव की संभावना है।
कर्मचारी संगठनों की सरगर्मियां बढ़ीं
मतदाता सूची जारी होने के साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे में कर्मचारी संगठनों की सरगर्मियां बढ़ गई हैं। एनई रेलवे मजदूर यूनियन, पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ, पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ, एनई रेलवे मेंस कांग्रेस, पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई है।
यह किसी उत्सव से कम नहीं
कर्मचारी संघ के कोषाध्यक्ष मनोज द्विवेदी बताते हैं कि कर्मचारी संगठनों के लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं है। चुनाव पिछले वर्ष ही होना था लेकिन टल गया। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश पर अब प्रक्रिया शुरू हुई है। मेंस कांग्रेस के संरक्षक सुभाष दूबे के अनुसार पूर्वोत्तर रेलवे ही नहीं भारतीय रेलवे के सभी जोन में कर्मचारी संगठन की मान्यता के लिए होने वाले चुनाव का बिगुल बज चुका है। देर से ही सही रेलवे बोर्ड ने कर्मचारी संगठनों की सुध तो ली है।
मान्यता के लिए प्रत्येक छह साल पर होता है चुनाव
कर्मचारी संगठन की मान्यता के लिए प्रत्येक छह साल पर चुनाव होता है। कम से कम 35 फीसद वोट पाने वाले कर्मचारी संगठन को मान्यता मिलती है। मान्यता प्राप्त संगठन रेल कर्मचारियों के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हैं। मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठन महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक और विभागीय स्तर पर स्थाई वार्ता तंत्र (पीएनएम) के लिए अधिकृत होते हैं।