गोरखपुर की शान बढ़ाएगा 246 फीट ऊंचा तिरंगा, तैयारियां पूरी Gorakhpur News
देश-दुनिया में कई जगहों पर ऊंचे-ऊंचे झंडे देखकर युवा उद्योगपति अमर तुलस्यान ने भी अपने शहर में सबसे ऊंचा झंडा लगवाने का निश्चय किया।
गोरखपुर, जेएनएन। लंबी कवायद के बाद गोरखपुर में प्रदेश के सबसे ऊंचे तिरंगे को फहराने का रास्ता साफ हो गया है। इसका गतिरोध दूर हो गया है। इसे लेकर तैयारियां भी पूरी कर ली गईं हैं। सबकुछ अपेक्षानुरूप रहा तो इस बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर रामगढ़ ताल की जेटी पर गोरखपुरवासियों को 246 फीट ऊंचा तिरंगा फहरता दिखेगा। यह तिरंगा गोरखपुर या पूर्वांचल ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर जिले की शान बनेगा। अभी प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा गाजियाबाद के मुखर्जी पार्क में लगा है, जिसकी ऊंचाई 211 फीट है। ऐसे में गोरखपुर में फहराने वाले तिरंगे की ऊंचाई गाजियाबाद के तिरंगे से दो-चार नहीं बल्कि 35 फीट अधिक है।
इन्होंने किया है ये काम
देश-दुनिया में कई जगहों पर ऊंचे-ऊंचे झंडे देखकर युवा उद्योगपति और केजी पान प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड तथा नाइन सेनेटरी के प्रबंध निदेशक अमर तुलस्यान ने भी अपने शहर में सबसे ऊंचा झंडा लगवाने का निश्चय किया। प्रशासन सहित सभी जरूरी सरकारी कार्यालयों से अनुमति लेकर उन्होंने इसके निर्माण की जिम्मेदारी देश की सबसे बड़ी झंडा निर्माण कंपनी सहगल इंडस्ट्रीज को सौंप दी। रामगढ़ताल जेटी पर फाउंडेशन, पोल और झंडा निर्माण का काम पूरा हो चुका था कि उसी बीच जुलाई, 2018 में जीडीए ने इसके फहराए जाने पर एनजीटी की अनुमति का अड़ंगा लगा दिया। दैनिक जागरण के संज्ञान में जब यह मामला आया तो इसे मुद्दा बनाया गया और इसे लेकर कई खबरें प्रकाशित की गईं। उधर संस्था ने भी अपना प्रयास जारी रखा। संयुक्त प्रयास का नतीजा रहा कि जीडीए ने झंडा लगाने की अनुमति दे दी और अब वह दिन आने की उम्मीद जग गई है, जब प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा गोरखपुर में फहराएगा।
15 किलोमीटर दूर से ही देख सकते हैं फहराते झंडे को
झंडा स्थापना स्थल के आसपास लंबी दूरी तक रामगढ़ ताल का दायरा होने और शहर की ऊंची से ऊंची इमारत से झंडे की लंबाई के अधिक होने की वजह से संस्था का दावा है कि स्थापना स्थल से इसकी दृश्यता कम से कम 15 किलोमीटर होगी। ऐसे में शहर के हर कोने से राष्ट्र का यह गौरव देखा जा सकेगा।
मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण की है तैयारी
झंडा निर्माण करने वाली संस्था केजी पान प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमर तुलस्यान ने बताया कि तैयारी पूरी हो चुकी है। पूरी कोशिश है कि इस बार गणतंत्र दिवस पर लोग प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा फहराता देखें। यह भी कोशिश है कि तिरंगे का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथ से हो।