20 परिवारों को मिली पक्के मकान की सौगात, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री ने प्रदान की आवास निर्माण पूरा होने का प्रमाण पत्र एवं चाबी Gorakhpur News
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय शहरी कार्य एवं आवास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 20 लाभार्थियों को आवास की सौगात दी। मानबेला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ने लाभार्थियों को आवास का निर्माण पूरा होने का प्रमाण पत्र एवं प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की।
गोरखपुर, जेएनएन : होली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय शहरी कार्य एवं आवास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 20 लाभार्थियों को आवास की सौगात दी। मानबेला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ने लाभार्थियों को आवास का निर्माण पूरा होने का प्रमाण पत्र एवं प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की।
लाभार्थियों से मुख्यमंत्री ने की बातचीत
एक-एक कर मंच पर मुख्यमंत्री के हाथों प्रमाण पत्र लेने पहुंच रहे लाभार्थियों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की। उन्होंने लाभार्थियों से पूछा कि पक्का मकान बन जाने के बाद मेहमान ज्यादे आने लगे होंगे, इसपर लाभार्थियों ने हां में उत्तर दिया। लगभग सभी लाभार्थियों से मुख्यमंत्री ने उनके बच्चों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को पढ़ाने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार के जो मंत्री आए हैं, इन्होंने ही मकान दिया है। फोटो खिंचाने की बात पर मुख्यमंत्री ने माहौल को हल्का बनाते हुए कहा कि इन लोगों ने सांसद रविकिशन की तरह ट्रेनिंग नहीं ली है। सांसद को इन जैसे लोगों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाना चाहिए। मुख्यमंत्री की इस बात पर खूब ठहाके लगे। एक दिव्यांग लाभार्थी से मुख्यमंत्री ने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल के बारे में भी पूछा।
इन्हें मिला प्रमाण पत्र
फूला देवी, पानमती, श्रीराम प्रजापति, शांति देवी, मीरा देवी, नीतू, शोभा देवी, मंजू देवी, दीप कुमार, भानमती देवी, खरपाती देवी, बलिकरन, लौंगी, सरोज, विद्यावती, रमा बुझारत, संभा, दुर्गावती, सुखनंदन एवं पुष्पा।
जीडीए द्वारा बनाए जा रहे पीएम आवासों का किया निरीक्षण
मानबेला पहुंचे मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ने सबसे पहले वहां गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत बनाए जा रहे अफोर्डेबुल आवास का निरीक्षण किया। उन्होंने भूतल के दो आवासों को देखा और उसमें दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। आवास देखकर उन्होंने निर्माण कार्य पर संतुष्टि जतायी और जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। जीडीए की ओर से बताया गया कि सत्यापित करीब एक हजार आवंटियों को 20 जून के बाद से कब्जा देना शुरू कर दिया जाएगा। उसके बाद भी जैसे-जैसे लोग आते जाएंगे, कब्जा मिलता जाएगा। इस दौरान मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर, जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन, जीडीए उपाध्यक्ष आशीष कुमार, सचिव राम सिंह गौतम एवं मुख्य अभियंता पीपी सिंह आदि मौजूद रहे।