भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री समेत 13 शस्त्रधारकों ने लाइसेंस किया सरेंडर, जाने क्या है वजह
उप्र सरकार के पूर्व मंत्री रहे देवरिया के प्रेमप्रकाश सिंह भाजपा विधायक सुरेश तिवारी समेत 13 शस्त्रधारकों ने लाइसेंस सरेंडर कर दिया। एक शस्त्रधारक ने दो लाइसेंस सरेंडर किया है। दो से अधिक शस्त्र लाइसेंस होने पर सभी को डीएम की तरफ से नोटिस जारी हुआ था।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। उप्र सरकार के पूर्व मंत्री रहे देवरिया के प्रेमप्रकाश सिंह, भाजपा विधायक सुरेश तिवारी समेत 13 शस्त्रधारकों ने लाइसेंस सरेंडर कर दिया। इसमें शामिल एक शस्त्रधारक ने चार शस्त्र लाइसेंस होने पर दो को सरेंडर किया है। दो से अधिक शस्त्र लाइसेंस होने पर सभी को डीएम की तरफ से नोटिस जारी हुआ था। पवहारी महराज समेत 23 लोगों ने नोटिस जारी होने के बाद भी लाइसेंस सरेंडर नहीं किया है। ऐसे में जिला प्रशासन की तरफ से लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
शासन ने दो अधिक शस्त्र रखने पर लगा रखी है रोक
शासन ने दो से अधिक शस्त्र रखने पर रोक लगा दी है। दो से अधिक शस्त्र रखने वाले धारकों के लाइसेंस निरस्त किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने अबतक 28 लोगों का शस्त्र लाइसेंस निरस्त किया है। बरहज के पैना के रहने वाले पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश सिंह ने रायफल, रुद्रपुर के रनिहवां के रहने वाले बरहज विधायक सुरेश तिवारी ने रिवाल्वर, उनके पुत्र संजय तिवारी व पुत्रबधु प्रतिभा तिवारी ने रायफल, रुद्रपुर के पूर्व ब्लाक प्रमुख जटाशंकर दुबे, शहर के पैकौली हाउस के कमलेश प्रताप शाही, पूर्व एमएलसी राम नगीना यादव के पुत्र विजय यादव, मेहड़ा पुरवा के विश्वजीत सिंह व पूर्व सांसद देवी प्रसाद सिंह के पुत्र मनीष सिंह ने सिंगल बैरल बंदूक, ठाकुरदेवा के ब्रह्मा मल्ल, भुजौली के अंशुमान सिंह व नारायनपुर एकौना के डा.शैलेंद्र राव ने डबल बैरल बंदूक का लाइसेंस सरेंडर किया है। जबकि बैतालपुर के संजय सिंह ने चार शस्त्र लाइसेंस होने पर रायफल व सिंगल बैरल बंदूक का लाइसेंस सरेंडर किया है। जिलाधिकारी की तरफ से इनके लाइसेंस निरस्त कर दिए गए।
निरस्त किए गए सरेंडर हुए लाइसेंस
मुख्य राजस्व अधिकारी व शस्त्र प्रभारी अमृत बिंद ने बताया कि दो से अधिक शस्त्र रखने वाले धारकों को नोटिस जारी किया गया था। तेरह लोगों ने शस्त्र लाइसेंस सरेंडर किया है। जिसे निरस्त कर दिया गया। शेष लोगों को शस्त्र लाइसेंस जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।