120 ब्राह्मण कराएंगे 651 जोड़ों की शादी
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत श्रम विभाग द्वारा 2
गोरखपुर :
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत श्रम विभाग द्वारा 29 अप्रैल को आयोजित किए जा रहे सामूहिक विवाह कार्यक्रम का प्रारूप तय कर लिया गया है। श्रम विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक कार्यक्रम में गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के 651 जोड़ों का विवाह सम्पन्न होना है। इस विवाह को 120 ब्राह्माण पूरे विधि-विधान से सम्पन्न कराएंगे। ब्राह्माणों का नेतृत्व गोरखनाथ मंदिर के आचार्य पंडित रामानुज त्रिपाठी वैदिक करेंगे।
इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 21 मुस्लिम जोड़ों का विवाह भी कराया जाएगा। इसके लिए मौलाना आमंत्रित किए गए हैं, जो मुस्लिम रवायत से जोड़ों को निकाह पढ़ाएंगे। गोरखपुर के उप श्रमायुक्त एके सिंह ने बताया कि श्रमिकों की पुत्रियों का विवाह कार्यक्रम विधि-विधान से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक सामग्री जुटाई जा रही है। हर वधु को विवाह स्थल पर लाने के लिए वाहन की व्यवस्था की जा रही है। विवाह को सुगम रूप से सम्पन्न कराने के लिए कार्यक्रम स्थल दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पंडाल को छह जोन में बांटा गया है। हर जोन में 100-100 जोड़ों के बैठने का इंतजाम किया जा रहा है। जोड़ों के साथ उनके परिवार के लोगों के लिए भी स्थान पंडाल में सुनिश्चित किया जा रहा है। विवाह के बाद प्रत्येक जोड़े के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 65000 रुपये की धनराशि भेज दी जाएगी।
-----
लिम्का बुक रिकार्ड में किया गया है आवेदन
उप श्रमायुक्त एके सिंह ने बताया कि किसी सरकारी योजना के तहत इतनी अधिक संख्या में सामूहिक विवाह सम्पन्न नहीं कराया गया है। ऐसे में इस वैवाहिक कार्यक्रम को रिकार्ड में दर्ज कराने के लिए लिम्का बुक आफ इंडिया में आनलाइन रजिस्ट्रेशन हेतु आवेदन किया गया है।