Chauri Chaura Shatabdi Mahotsav: विश्व रिकार्ड के लिए अपलोड हुए वंदे मातरम गायन के 1.5 लाख वीडियो
चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव पर एक अनुमान के मुताबिक पूरे प्रदेश में करीब 1.5 लाख वीडियो अपलोड की गई है। गुरुवार को वीडियो अपलोड करने की समय सीमा समाप्त हो चुकी है। ऐसा विश्व रिकार्ड बनाने के लिए किया गया।
गोरखपुर, जेएनएन। चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव के अंतर्गत वंदे मातरम का पहाल छंद गाकर वीडियो बनाने और विश्व रिकार्ड के लिए उसे वेबसाइट पर अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अनुमान के मुताबिक पूरे प्रदेश में करीब 1.5 लाख वीडियो अपलोड की गई है। गुरुवार को वीडियो अपलोड करने की समय सीमा समाप्त हो चुकी है। गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड की ओर से अपलोड की गई वीडियो की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उनकी ओर से बताया जाएगा कि कितनी वीडियो मानक के अनुरूप अपलोड है, उसके बाद विश्व रिकार्ड की घोषणा होगी। अभी तक इंग्लैंड की एक संस्था की ओर से 20 हजार वीडियो अपलोड करने का रिकार्ड है। संभावना जतायी जा रही है कि प्रदेश की ओर से नया रिकार्ड बना लिया जाएगा।
गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड की ओर से शुरू की गई वीडियो की जांच
गुरुवार की सुबह कुछ तकनीकी खराबी के कारण कई वीडियो अपलोड नहीं हो सकी। तकनीकी खराबी न आती तो अपलोड वीडियो की संख्या कुछ और बढ़ सकती थी। बुधवार की सुबह 10 बजे से वीडियो अपलोड करने की अनुमति दी गई थी। इसके लिए https://chaurichauramahotsav.in/ बनाई गई थी। इसमें छात्र-छात्रा, शिक्षक, सरकारी कर्मचारियों एवं उनके स्वजन के साथ अन्य लोगों ने भी प्रतिभाग किया।
वंदे मातरम का पहला छंद गाकर विश्व रिकार्ड बनाने के लिए वीडियो अपलोड करने में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। अनुमान है कि करीब डेढ़ लाख लोगों ने वीडियो अपलोड किया है। गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड की ओर से अपलोड वीडियो की स्क्रीनिंग की जा रही है। संस्था की ओर से बताया जाएगा कि मानक के अनुरूप कितनी वीडियो अपलोड हुई है। उम्मीद है कि हम विश्व रिकार्ड के लिए जरूरी आंकड़े से काफी आगे रहेंगे। - राजेश कुमार सिंह,अपर जिला मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व
आल्हा सम्राट फौजदार सिंह जौनपुरी ने दर्शकों में भरा जोश
महोत्सव के अवसर पर मुख्य मंच से गुरुवार को आल्हा सम्राट फौजदार सिंह जौनपुरी ने वीर सेनानियों की गाथा सुनाकर दर्शकों में जोश भर दिया। आल्हा सम्राट की लाइन 'चौरी चौरा लगा महोत्सव, आए बड़े-बड़े सरदार...पर दर्शकों ने वंदे मातरम का नारा लगाकर पूरे पंडाल को गुंजायमान कर दिया। मंच पर पहुंचते ही फौजदार सिंह ने भारत माता के साथ वीर भूमि चौरी चौरा की जय बोलने के साथ स्थानीय लोगों से स्वयं को जोड़ने में कामयाब रहे। देश के वीर सेनानियों की गाथा सुनाने के साथ ही उन्होंने खूब तालियां बटोरीं। भगवान हनुमान की वीर गाथा से भी उन्होंने लोगों को रोमांचित किया। करीब आधा घंटा तक हुई इस प्रस्तुति में दर्शक अपनी कुर्सियों से खड़े रहे।