मनचलों में दिख रहा मिशन शक्ति का खौफ
विभिन्न चौराहों पर सक्रिय हुई एंटी रोमियो टीम
गोंडा : मिशन शक्ति के तहत जिले भर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर, कस्बों व चौराहों पर विशेष चेकिग अभियान चलाया गया। चौराहों पर जुटने वाले युवकों की संख्या न के बराबर रही। वहीं बेटियों को सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया।
सुबह के 11 बज रहे थे। लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के पास चौराहे पर बाइक से आए कुछ युवक आपस में बात करते दिखे जो बोलना हो जल्दी बोलो नहीं तो मिशन शक्ति में फंस जाओगे। स्पष्ट था कि युवक चौराहे पर ज्यादा देर तक नहीं खड़े होना चाह रहे थे। एंटी रोमियो टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर चेकिग अभियान चलाया। बेटियों व महिलाओं को शासन द्वारा संचालित कार्यक्रम की जानकारी दी और शोहदों से बचने के उपाय भी बताए। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मिशन शक्ति के तहत कार्यक्रम आयोजित कर बेटियों को जागरूक किया गया। बाल विवाह व बेटियों के मौलिक अधिकार की जानकारी दी गई। शांति फाउंडेशन की अध्यक्ष पिकी देवी, वार्डेन किरन देवी ने बेटियों को जानकारी दी। बभनान : जे देवी महिला महाविद्यालय में आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम के दौरान चौकी प्रभारी कन्हैया दीक्षित ने छात्राओं को जानकारी दी। वनस्पति शास्त्री डॉ. वीके शुक्ला ने छात्राओं को आत्मरक्षा व मनचलों से निपटने के टिप्स दिए। प्राचार्य डॉ. चंद्रमौलि त्रिपाठी, डायट प्रवक्ता बस्ती शशि दर्शन त्रिपाठी, डॉ. भूपेश मिश्र, डॉ. किरन त्रिपाठी मौजूद रहे। मनकापुर : एंटी रोमियो प्रभारी निशा निषाद के नेतृत्व में बालिका व महिला सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार राना के निर्देशन में पुलिस ने भ्रमण कर जानकारी दी।