बांध पर 24 घंटे पेट्रोलिग की बनाएं व्यवस्था
मंत्री बोले-तटबंध कटने के मामले में होगी जांच
गोंडा : प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनिल राजभर एवं राज्यमंत्री जलशक्ति बलदेव सिंह औलख ने शुक्रवार को जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति व बाढ़ पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के संबंध में जानकारी ली। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। मंत्रीद्वय ने संबंधित अधिकारियों से सकरौर भिखारीपुर बांध की स्थिति व उसके टूटने के पश्चात प्रभावित क्षेत्रों के संबंध में जानकारी ली। कहा कि तटबंधों पर 24 घंटे पेट्रोलिग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि तटबंध टूटने के मामले की जांच कराई जाएगी। यदि किसी का दोष पाया गया तो कार्रवाई होगी। अपर मुख्य सचिव सिचाई टी. वेंकटेश ने कहा कि सिचाई विभाग के अधिकारी संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखें। अवर अभियंता सहित अन्य कर्मी अवकाश पर न जाएं। डीएम डॉ. नितिन बंसल ने बताया कि तटबंध कटने से विशुनपुरवा मजरे के आठ परिवारों के 25 लोग प्रभावित हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित स्थान पर विस्थापित कर दिया गया है। बैठक में विधायक प्रेम नरायण पांडेय, जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, एसपी आरके नैयर, अपर जिलाधिकारी राकेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
तटबंध कटने से आठ परिवार हुए बेघर
उमरीबेगमगंज : गत गुरुवार को भिखारीपुर सकरौरा तटबंध कटने से आठ परिवार घर से बेघर हो गए। करीब दो हेक्टेयर गन्ने व धान की फसलें भी कटान की भेंट चढ़ गईं। मौके पर पहुंचे डीएम डॉ. नितिन बंसल ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थल पर भेजवाया। साथ ही नया रिग बांध बनाने के निर्देश दिए। खुद कैंप कर लगातार सात घंटे तक मॉनिटरिग करते रहे। उधर, बाढ़ की विभीषिका के मद्देनजर विशुनपुरवा के लोग गृहस्थी समेटकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में जुटे हुए हैं। इस बीच शुक्रवार को भगवानदीन यादव के घर के सामने दो स्थानों पर जोरदार कटान शुरू हो गई, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की तत्परता से यहां बचाव कार्य शुरू किया गया और डैमेज कंट्रोल कर लिया गया। केवटाही मजरे का अस्तित्व पूरी तरह से समाप्त हो गया। उप जिलाधिकारी तरबगंज राजेश कुमार प्रभावित परिवारों को पॉलीथिन का वितरण किया। एसडीएम तरबगंज व पुलिसकर्मी मौके पर कैंप कर रहे हैं। तरबगंज विधायक ने ऐलीपरसौली का दौरा कर बांध की स्थिति का जायजा लिया।