जयकारे से गूंजा मां का दरबार
मां के चौथे स्वरूप का पूजन अर्चन करने में जुटे श्रद्धालु
गोंडा: शारदीय नवरात्र के चौथे दिन मां के कूष्मांडा का पूजन-अर्चन करने श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों पर पहुंचने लगे। दोपहर तक मंदिरों में भीड़ रही। मंदिर घंटा घड़ियाल से गूंज उठे। हर कोई मां की महिमा का बखान करते नजर आया।
शहर के काली भवानी मंदिर पर भोर से ही घंटा घड़ियाल गूंजने लगे। श्रद्धालुओं ने मां का पूजन अर्चन करने के साथ ही दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। खैरा भवानी मंदिर पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। यहां पर श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसका प्रबंध किया गया है। कोविड नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बेल्लही माता मंदिर व विध्यवासिनी मंदिर पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसके साथ ही शहर में दुर्गा प्रतिमा की स्थापना को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। आयोजकों ने अनुमति के लिए अधिकारियों को पत्र दिया है। इसी बीच नगर कोतवाली में सिटी मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत ने दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए निर्देशों के बारे में जानकारी दी है।