कोतवाली के गेट पर शव रखकर किया प्रदर्शन, लगाया जाम
गोंडा दहेज हत्या में पति समेत चार पर मुकदमा गिरफ्तारी के आश्वासन पर माने प्रदर्शनकारी।
संसू, मनकापुर (गोंडा) : गुरुवार देर शाम कार की मांग को लेकर नवविवाहिता की ससुरालीजनों ने हत्या कर दी। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार पर दहेज हत्या का मुकदमा किया है। आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने कोतवाली के मुख्य द्वार पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। जाम के कारण वाहनों का जमावड़ा लग गया। सीओ के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी शांत हुए।
ग्राम बिहटाहलबल निवासी अभिषेक कुमार मिश्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसने बहन संजू मिश्रा की शादी बीते अप्रैल में मल्हीपुर निवासी फूलचंद के बेटे धर्मेंद्र उर्फ सोनू के साथ की थी। दान-दहेज भी दिया गया था। उसका बहनोई धर्मेंद्र दहेज में कार की मांग कर रहा है। मांग पूरी न होने पर वह उसकी बहन को मारता-पीटता और दबाव बनाता था। अभिषेक का आरोप है कि शादी में करीब नौ लाख रुपये नकदी व सामान दिया गया। इसके बावजूद ससुरालीजन संतुष्ट नहीं हुए। बहन संजू फोन करके पूरी बात बताती थी। गुरुवार की शाम बहनोई धर्मेंद्र ने फोन करके बताया कि उसकी बहन संजू की तबीयत बहुत खराब है और उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मृतका के मायके वाले यह खबर पाते ही अस्पताल पहुंचे। तब तक उसके ससुरालीजन मृतका को अस्पताल में छोड़कर फरार हो चुके थे। सीएचसी के चिकित्सक ने अभिषेक को बताया कि उसकी बहन को जब अस्पताल लाया गया था तो वह मर चुकी थी। संजू की मौत की खबर से मायके वालों में कोहराम मच गया। अभिषेक की तहरीर पर पुलिस ने धर्मेन्द्र उर्फ सोनू मिश्र, फूलचंद्र मिश्र, सुषमा, शिव प्रकाश व खुशबू के खिलाफ मुकदमा किया है। प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार गौड ने बताया कि मुकदमा किया गया है। सीओ विवेचना कर रहे हैं।