बकरीद आज, घरों में होगी इबादत
बकरीद की नमाज सुबह सात बजे पढ़ी जाएगी। कोविड प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए इस बार खास प्रबंध किए गए हैं। लोगों को घरों में ही नमाज अदा करने व कुर्बानी करने को कहा गया है।
गोंडा : ईद उल अजहा बकरीद आज मनाया जाएगा। बाजार में सेवईं व अन्य सामानों की खरीदारी को लेकर भीड़ रही। सबसे महंगा राजस्थानी बकरा नजर मोहम्मद उर्फ नजरू पहलवान ने 88 हजार में खरीदा है। वहीं, ईदगाह के पेश इमाम मुजक्किर हुसैन ने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने की अपील की है। बकरों की भी खुले में कुर्बानी पर रोक लगाई गई है। खुले में कुर्बानी का अवशेष न फेंका जाए।
बकरीद की नमाज सुबह सात बजे पढ़ी जाएगी। कोविड प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए इस बार खास प्रबंध किए गए हैं। लोगों को घरों में ही नमाज अदा करने व कुर्बानी करने को कहा गया है। ईदगाह में नमाज नहीं होगी। यह भी कहा गया है कि कुर्बानी से संबंधित कोई भी फोटो इंटरनेट मीडिया पर न शेयर किया जाए। साथ ही अन्य प्रोटोकाल का पालन करने को कहा गया है। बकरीद को लेकर बाजार में मंगलवार को भारी भीड़ रही। सेवई व कपड़ों की खरीदारी की गई। इसके कारण बाजार में भीड़ रही। नगर पालिका परिषद की टीम ने बकरीद को लेकर प्रबंध किए हैं। मोबाइल टीमों को लगाया गया है ताकि कहीं पर गंदगी न होने पाएं।
प्रशासन सतर्क : बकरीद को लेकर प्रशासन सतर्क है। एसपी संतोष कुमार मिश्र ने कोतवाल आलोक राव के साथ नगर का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया। एएसपी शिवराज ने बताया कि जिले को चार जोन में बांटा गया है। हर चौराहे पर पुलिस व पीएसी के जवानों को लगाया गया है। सीओ स्तर के अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।