सिचाई कर्मी के बेटे समेत चार और कोरोना पॉजिटिव
शहर के सिचाई कॉलोनी में रह रहा था युवक संक्रमित के संपर्क में आया था सिचाईकर्मी का पुत्र हलधरमऊ में निकले तीन और पॉजिटिव एक को ससुराल से लाया गया अस्पताल
गोंडा: कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को सिचाई विभाग के रिटायर्ड कर्मी के बेटे समेत चार कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिसमें से एक दिल्ली चला गया है। शेष तीनों को लेवल वन में भर्ती किया गया है।
शहर के सिचाई विभाग की आवासीय कॉलोनी में भी एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। वह सिचाई विभाग के एक कर्मचारी का बेटा बताया जा रहा है। युवक के संक्रमित मिलने की सूचना के बाद उसे लेवल वन हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक युवक के संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी की जा रही है। दोपहर में सिटी मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी सिचाई विभाग की कॉलोनी पहुंची। उन्होंने यहां पर रह रहे लोगों से जानकारी ली। साथ ही कॉलोनी को सील कर दिया गया है। आवागमन पर रोक लगा दी है। यहां पर सैनिटाइज कराया गया है।
इसके अतिरिक्त हलधरमऊ के दो गांवों में तीन लोग पॉजिटिव निकलकर आए हैं। जिसमें से एक युवक दिल्ली चला गया है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संबंधित को जानकारी दे दी गई है। वहीं, पॉजिटिव मिली एक महिला व एक अन्य को लेवल वन हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इनमें से युवक अपनी ससुराल चला गया था। उसे वहां से लाया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संत प्रताप वर्मा ने बताया कि संबंधित गांवों में शनिवार को सर्वे किया जाएगा।
कराई गई सैंपलिग
- शहर के विष्णुपुरी कॉलोनी में बीते दिवस एक कोरोना संक्रमित मिलने के बाद कैंप लगाकर लोगों की जांच कराई गई। जिसमें 65 की सैंपलिग की गई है। इसके अतिरिक्त खरगूपुर के पृथ्वीनाथ बालिका इंका में भी शिविर लगाकर सैंपलिग की गई।