पर्यटकों को लुभाएगा पार्वती-अरगा झील, मेहमान परिदों के स्वागत की तैयारी
50 लाख रुपये से बनाया जाएगा पिकनिक स्पॉट अयोध्या दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु कर सकेंगे झील का दीदार
गोंडा : मेहमान परिदों के स्वागत के लिए पार्वती अरगा झील को संवारने की कवायद तेज हो गई है। यही नहीं, पर्यटकों को लुभाने के लिए 50 लाख रुपये की लागत से पिकनिक स्पॉट बनाया जाएगा। इसकी कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी जा चुकी है। 12 महीने झील में पानी रहे, इसके लिए उसे नहर से जोड़ा जाएगा। बच्चों का पार्क भी बनवाया जाएगा। इसमें खेलने के सारे साजो समान रहेंगे। हरे-भरे पार्क के साथ खाने-पीने की भी व्यवस्था रहेगी। अयोध्या आने वाले पर्यटक व आसपास के लोग झील का नजारा देख कर आनंदित हो सकेंगे।
मेहमान परिदों के स्वागत की शुरू हुई तैयारी :-वजीरगंज ब्लॉक क्षेत्र स्थित पार्वती अरगा झील मेहमान परिदों का पसंदीदा स्थान है। प्रत्येक वर्ष अक्टूबर से मेहमान परिदों के आने का सिलसिला शुरू हो जाता है। जो फरवरी तक रहते हैं। इनके कलरव से झील गुलजार रहती है। इन्हें देखने के लिए आसपास व दूसरे शहरों से भी लोग आते रहते हैं।
पानी के अभाव में नहीं सूख सकेगी झील :-पार्वती-अरगा झील 1084 हेक्टेयर में फैला है। पानी के अभाव में पार्वती-अरगा झील अब नहीं सूख सकेगी। वन व सिचाई विभाग ने मिलकर कार्ययोजना बनाई है। झील को सरयू नहर से जोड़ा जाएगा। इसकी कवायद पूरी हो चुकी है। इस पर दोनों विभागों ने भी सहमति जता दी है। मनरेगा योजना से पूरा काम किया जाएगा।
बच्चों को लुभाएगा पार्क
-बच्चों के लिए पार्वती अरगा झील पर हरा भरा पार्क बनाया जाएगा। इसमें बच्चों के खेलने के पूरे साजो सामान होंगे। कैंटीन, टाइलेट, चूल्हे व पार्किंग की भी सुविधा होगी। जो पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगी।
जिम्मेदार के बोल
-प्रभागीय वनाधिकारी बलरामपुर आरके मित्तल ने बताया कि पर्यटकों को लुभाने के लिए पिकनिक स्पॉट बनवाया जाएगा। इस पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बच्चों के लिए पार्क होगा। मेहमान परिदों के लिए झील में इस बार पर्याप्त पानी है। इनकी देखरेख के लिए सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा।