हाईटेंशन लाइन का पोल टूटा, 18 घंटे गुल रही बत्ती
लोगों ने घर की छत पर टहलकर रात गुजारी तार गिरने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे अभियंता
गोंडा : रविवार की रात कटराबाजार कर्नलगंज मार्ग पर 33केवी बिजली लाइन का पोल टूट गया। इससे क्षेत्र में 18 घंटे तक बत्ती गुल रही। पचास हजार उपभोक्ताओं को समस्या का सामना करना पड़ा। लोगों ने घर की छत पर टहलकर रात गुजारी। पॉवर कारपोरेशन के अभियंताओं ने सीयूजी नंबर उठाना भी मुनासिब नहीं समझा।
शनिवार को कर्नलगंज-कटराबाजार मार्ग पर लगे 33 केवी पोल पर अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। इससे पोल टूट गया। जिसके बाद बिजली गुल हो गई। 18 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। लोग गर्मी से बिलबिला उठे। भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य भवानी भीख शुक्ल ने बताया कि शनिवार शाम साढे सात बजे से बिजली नहीं है। अभियंताओं को कई बार फोन किया गया है। लेकिन, जिम्मेदार बेफ्रिक रहे। बौनापुर गांव के दद्दू पांडे ने कहा मिट्टी के तेल की आपूर्ति बंद हो गई है। अब बिजली का सहारा है। उसमें कटौती होने पर बहुत दिक्कत होती है। अवर अभियंता मुहम्मद आरिफ ने बताया कि पोल समय से सही करा दिया गया था। लेकिन, उपकेंद्र तकनीकी समस्या आ गई। इससे आपूर्ति बाधित रही। सप्लाई बहाल किया जा रहा है।