त्यौहार पर बधाई देने की होड़ में गोंडा में कांग्रेसियों ने किया गजब का काम
गोंडा में कांग्रेसियों ने जनपद के लोगों को मोहर्रम की बधाई भी दे डाली। कांग्रसियों ने होर्डिंग लगाकर मोहर्रम की भी बधाई दी है। बधाई देने वालों में मुस्लिम नेता भी शामिल हैं।
गोंडा (जेएनएन)। त्यौहार पर बधाई देकर अपने को प्रोजेक्ट करने में कांग्रेसी बड़ी महत्ता को भूल बैठे। यह कारनामा गोंडा में किया गया है। जहां पर कांग्रसियों ने बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर मोहर्रम की भी बधाई दी है। बधाई देने वालों में मुस्लिम नेता भी शामिल हैं।
गोंडा जिले में कांग्रेसियों ने जनपद के सभी लोगों को मोहर्रम की बधाई भी दे डाली। यहां के लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय चौराहे पर लगे होर्डिग्स में नेताओं ने मोहर्रम सहित अन्य कई त्योहारों पर जनता को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इन होर्डिग्स में जहां नवरात्रि, दशहरा और दीपावली की बधाई दी गयी है, वहीं इसके साथ ही मोहर्रम की भी बड़ी शुभाकामनाएं प्रेषित की गई हैं। इतना ही नहीं इन सभी होर्डिग्स में कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी जिन्दाबाद और प्रियंका गांधी जिन्दाबाद के नारे लिखे हैं। इसके अलावा होर्डिग्स पर कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के साथ सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राजबब्बर सहित अन्य नेताओं की भी तस्वीर लगी है।
होर्डिग्स में गोंडा के कांग्रेस नेता अनिल कुमार तिवारी, फूल बाबू, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष अब्दुल रहमान, दीपक शुक्ल, राजीव कुमार मिश्र ने अपनी अपनी फोटो भी चस्पा की है। शहर अध्यक्ष अब्दुल रहमान का कहना है कि होर्डिंग लगाए जाने की जानकारी मिली है। अब तो ऐसी होर्डिंग्स को तत्काल हटवाया जाएगा।