संदिग्ध परिस्थितियों में सजायाफ्ता बंदी की मौत
मृतक के भाई ने जेल प्रशासन पर लगाए आरोप
गोंडा : हत्या के मामले में जिला कारागार में निरुद्ध सजायाफ्ता बंदी इलियास की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल प्रशासन उसकी मौत गिरने के कारण बता रहा है। दूसरी तरफ मृतक के भाई ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र के तिवारीपुरवा निवासी इलियास (66) 28 मार्च 2008 को हत्या के मामले में जेल गया था। उसे आजीवन कारावास की सजा हुई। जेल अधीक्षक शशिकांत सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे इलियास नहाने गया था। नहाते समय वह गिर गया। इससे वह बेहोश हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि गिरने से उसके सिर में चोट आई है। जिला अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई मुहम्मद इबरार ने बताया कि पता नहीं कैसे उसके भाई को मारा गया है। जेल प्रशासन इलियास की गिरने से मौत होने की बात कह रहा है। उसका भाई अर्धनग्न अवस्था में मिला है। नगर कोतवाल आलोक राव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। इस संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है।