मंडी परिसर में स्थापित क्रय केंद्रों पर लटका रहा ताला
कर्नलगंज व हलधरमऊ ब्लॉक के धान क्रय केंद्रों की व्यवस्था मंडलायुक्त द्वारा चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरी है।
गोंडा : स्थानीय मंडी परिसर में कर्नलगंज व हलधरमऊ ब्लॉक के धान क्रय केंद्र स्थापित हैं। इन क्रय केंद्रों पर मंगलवार को ताला लटकता दिखा। ऐसे में धान बेचने आए किसानों को मायूस होना पड़ा। यह हाल तब है जबकि गत सोमवार को मंडलायुक्त महेंद्र कुमार ने समीक्षा बैठक कर धान खरीद को लेकर चेतावनी दी थी।
हलधरमऊ केंद्र प्रभारी कक्ष में ताला लटकता मिला। परिसर में सन्नाटा रहा। दोपहर 12:00 बजे हलधरमऊ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कमालपुर निवासी अवधेश सिंह धान बेचने के लिए मौजूद थे। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण करवा चुके हैं। उन्हें तौल के लिए बुलाया गया है। सुबह 10 बजे ही आ गए लेकिन, अब तक कोई भी अधिकारी व कर्मचारी नहीं मिला। धान बेचने के लिए केंद्र प्रभारी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, बैनर में अंकित केंद्र प्रभारी के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी। बगल में स्थित धान क्रय केंद्र कर्नलगंज की भी स्थिति इसी प्रकार रही। वहां पर चौकीदार बनवारी मौजूद था। उसने बताया कि साहब कहीं गए हैं। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी राजेश कुमार गुप्त व केंद्र प्रभारी राजकुमार चौधरी से दूरभाष के जरिए संपर्क साधने की कोशिश नाकाम रही। अब सवाल उठता है कि आखिर प्रशासन धान खरीद को लेकर किस तरह मॉनिटरिग कर रहा? किसान आखिर अपना दर्द किसे और कैसे सुनाएं?