भाजपा के सुशासन से खुल रही विकास की राह
बलरामपुर राज्यमंत्री ने किया दो पुलों का शिलान्यास केंद्र व प्रदेश सरकार का किया बखान।
संवादसूत्र, बलरामपुर :
खराब कानून व्यवस्था को लेकर बदनाम रहे प्रदेश की छवि अब बदल रही है। भाजपा के सुशासन ने विकास की राह खोल दी है। इसका फायदा अब आमजन को मिल रहा है। यह बात होमगार्ड राज्यमंत्री पल्टूराम ने बुधवार को श्रीदत्तगंज-गुमड़ी मार्ग पर जिगना-बंधिया पुल का शिलान्यास करते हुए कही।
राज्यमंत्री ने कहाकि पिछली सरकारें अराजक तत्वों के हाथ का खिलौना बनकर शासन कर रहीं थीं। उन्हें विकास की तरफ देखने की फुरसत नहीं थी। इस कारण तमाम गांव पुल व सड़क से वंचित रह गए। भाजपा शासन ने इन गांवों को चिह्नित कर उन्हें मुख्यालय से जोड़ने की मुहिम शुरू की है। ऐसे गांवों के मार्ग व उन पर पुलों का निर्माण प्राथमिकता से कराया जा रहा है। निर्माण पूरा हो जाने के बाद इस क्षेत्र के करीब 25 हजार लोग आसानी से ब्लाक व जिला मुख्यालय पहुंच सकेंगे। कहाकि भाजपा के सुशासन व सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता को देखकर विपक्षी बौखला गए हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार ने विकास की जो गंगा बहाई है, वह विपक्षियों के गले नहीं उतर रही है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भारत नित नई बुलंदियों की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल शासन से अपराधियों के हौसले पस्त हैं। नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति का तीसरा चरण चल रहा है। भारत-नेपाल सीमा पर बसे गैंसड़ी व पचपेड़वा विकास खंड की थारू जनजाति भी आज विकास की मुख्य धारा से जुड़ रही है। कोरोना महामारी का शिकार हुए लोगों के परिवारजन को आर्थिक मदद देकर सरकार ने उनके दर्द पर मरहम लगाया है। अनाथ मासूमों की शिक्षा-दीक्षा व आजीविका की भी व्यवस्था की है। राज्यमंत्री ने यहां के बाद बरदौलिया पहुंचकर पोखरे पर पुल का शिलान्यास किया। ब्लाक प्रमुख श्रीदत्तगंज हेमंत जायसवाल, राम निवास वर्मा, ओम प्रकाश, कुलदीप सिंह, सुभाष वर्मा, अन्नू वर्मा मौजूद रहे।