पुरानी रंजिश में गोली मारकर युवक की हत्या
जागरण संवाददाता मरदह (गाजीपुर) मरदह थाना के बोगना गांव में पुरानी रंजिश को लेकर सोम
जागरण संवाददाता, मरदह (गाजीपुर) : मरदह थाना के बोगना गांव में पुरानी रंजिश को लेकर सोमवार की देर शाम अनिल सिंह (46) की गांव के ही हमलावरों ने दरवाजे पर चढ़ गोली मार कर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर मौके पर आए उनके भतीजे राजकुमार सिंह को भी हाथ में व एक राहगीर हरिकेश राम को भी गोली लग गयी। आनन-फानन दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने अनिल सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हमलावर भाग निकले। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मौके पर कई थानों की पुलिस के साथ आलाधिकारी भी पहुंच गए और छानबीन शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि अनिल सिंह मुंबई में रहकर नौकरी करते थे। उनके साथ गांव के कई और लोग भी काम करते थे। वहीं पर किसी बात को लेकर आपस में विवाद हुआ था। इधर लाकडाउन के बाद सभी घर लौट आए थे लेकिन आपसी मनमुटाव खत्म नहीं हुआ था। घटना के समय अनिल सिंह अपने घर के दरवाजे पर बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान दो हमलावार आए और उनके ऊपर फायर झोंक दिया। जब तक वह संभलते गोली के शिकार हो गए। सीने में गोली लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। गोली की आवाज सुनकर भतीजा भी आया, उसके भी हाथ में गोली लग गई। वहीं उसी समय रास्ते से गांव में आटा चक्की पर आटा के लिए जा रहे गांव निवासी हरिकेश राम को भी पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। गोली मारने के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए भाग गए। ग्रामीणों के अनुसार मौके पर चार गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों द्वारा तीनों घायलों को इलाज हेतु जिला चिकित्सालय गाजीपुर ले जाया गया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी व परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही मरदह थाने की फोर्स सहित अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनिल कुमार झा व सीओ कासिमाबाद महिपाल पाठक मौके पर बोगना गांव पहुंचे एवं घटनास्थल का निरीक्षण किया। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। देर रात तक वह पुलिस पकड़ से बाहर थे।