कोहरे के कारण रेंगते रहे वाहन, गलन ने कंपकं पाया
जागरण संवाददाता गाजीपुर रविवार को कोहरे की चादर में पूरा लिपटा सा नजर आया। वहीं अलाव की व्यवस्था न होने से गरीबों को परेशानी हुई।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : कोहरे और गलन से रविवार को पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। वहीं दिन में भी हेडलाइट की रोशनी में गाड़ियां रेंगती रहीं। द़ृश्यता काफी कम होने के कारण रास्ता साफ नहीं दिख रहा है। दोपहर बाद सूर्य देव ने दर्शन दिए तो लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन शाम होते ही फिर से गलन बढ़ने लगी। रविवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार का अधिकतम 18.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 7.3 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा की गति 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटा जिसकी दिशा पश्चिमी रहने की उम्मीद है। एक दो दिन हल्के बादल छाए रह सकते हैं और बारिश की कोई संभावना नहीं है मगर ठंड बनी रहेगी।
उधर रविवार की भोर से ही पूरा जिला कोहरे की आगोश में समाया रहा। अवकाश का दिन होने के कारण लोग घरों में दुबके रहे। दोपहर बाद जब भगवान भास्कर ने दर्शन दिए तो लोग घरों से बाहर निकले। नगर में अलाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग ठंड से कांपते रहे।
आलू में झुलसा रोग का खतरा
मुहम्मदाबाद : गलन भरी ठंड से आलू की खेती में लगे किसान पौधे में झुलसा रोग लगने के अंदेशा से परेशान नजर आ रहे हैं। ठिठुरन भरी ठंड पड़ने के बावजूद नगर व ग्रामीण इलाकों में कहीं भी प्रशासन की ओर से अलाव नहीं जलाया जा रहा है। लोग कागज आदि जलाकर आग तापते नजर आ रहे हैं। वहीं अलाव नहीं जलने से बेसहारा पशुओं व गरीबों की स्थिति तो और भी खराब हो चुकी है।
नहीं जल रहे अलाव
बहादुरगंज : पछुआ हवा और शीतलहर के चलते शाम होते ही बाजार वीरान हो जा रहे हैं। वैसे तो भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की आवश्यकता पड़ती है लेकिन सबसे जरूरी स्थानीय बस स्टैंड पर है, जहां सुबह 5 बजे से रात के 10 बजे तक यात्रियों का जमावड़ा लगा रहता है। ठंड से निजात पाने के लिए यात्री दुकान व होटल के चूल्हे से आग हाथ सेंकते रहे। बस स्टैंड पर इस कड़कड़ाती ठंड में नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अलाव की व्यवस्था भी नहीं हो पा रही है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी यदुनाथ ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था बहुत जल्द कर दी जाएगी।
सेवराई : तहसील क्षेत्र के किसी भी सार्वजनिक स्थान पर प्रशासन द्वारा कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। शनिवार की देर शाम जागरूक कल्याण समिति सतराम गंज बाजार सेवराई द्वारा अलग-अलग जगहों पर यूनियन बैंक भदौरा, चौक, मछली मंडी, रेलवे फाटक, सोसाइटी सब्जी मंडी और भदौरा बस स्टैंड सहित कई मुख्य जगहों पर अलाव जलाया गया। इस मौके पर संजय गुप्ता, सोमनाथ जायसवाल, अरुण गुप्ता, राजीव कुमार जायसवाल, गोपाल, लोहा, सागर गुप्ता, लपेटु, चंदन शर्मा आदि थे।
कोहरे की चादर से लिपटा रहा रेलवे स्टेशन
दिलदारनगर : रविवार को रेलवे स्टेशन भी कोहरे की चादर में लिपटा रहा। यात्री दिखाई नहीं पड़ रहे थे। पिछले दो दिन से पछुवा हवा चलने से गलन बढ़ गई थी। इस बीच भोर से अचानक कोहरा पड़ने लगा। कोहरे के कारण ठंड काफी बढ़ गई थी।