अरहर की फसल पर पड़ने लगी ठंड की मार, किसान परेशान
ठंड की चपेट में अब अरहर की फसल भी आने लगी है।
जासं,गहमर(गाजीपुर): ठंड की चपेट में अब अरहर की फसल भी आने लगी है। इस समय अरहर की फसल में फूल लग रहा है, लेकिन ठंड के कारण उकठा रोग की चपेट में अरहर की फसल आने लगी है, जिससे फूल गिरने लगे हैं। किसान उकठा रोग से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कर रहे हैं, लेकिन मौसम के मिजाज को देखते हुए अब किसानों की चिता बढ़ने लगी है।
कभी गहमर क्षेत्र के गांवों में व्यापक पैमाने पर अरहर की खेती होती थी। तब यहां के अरहर की दाल की मांग सीमावर्ती राज्यों सहित अन्य जिलों तक होती थी। अरहर इस क्षेत्र के किसानों की आय का मुख्य साधन भी था, लेकिन समय की मार ऐसी पड़ी इस क्षेत्र से अरहर की खेती मंडा में सिमट गई। किसान बताते हैं की अरहर की फसल में रोग लगने से धीरे-धीरे किसानों ने इसकी खेती करना छोड़ दिया। इधर दो-तीन वर्षो से फिर किसानों की रूचि अरहर की खेती की तरफ पढ़ी है। इसको लेकर कृषि विभाग ने भी काफी प्रयास किया। इस सीजन में अरहर की खेती का रकबा बढ़ा है। अरहर के पौधे के विकास को देखते हुए किसानों को अच्छी उपज की उम्मीद है, लेकिन किसानों की इस उम्मीद पर अब मौसम पानी फेरने लगा है। किसान बताते हैं कि पिछले दस दिन से पड़ रही ठंड तथा खिलकर धूप नहीं निकलने से अब अरहर की फसल को उकठा रोग की चपेट में आने लगी है। इस समय अरहर में फूल लग रहा है, लेकिन उकठा रोग के कारण फूल मुरझा कर गिरने लगा है। किसान अपनी अरहर को बचाने के लिए दवा का भी छिड़काव कर रहे हैं लेकिन मौसम के रुख को देखते हुए किसान निराश होने लगे हैं।