विधिक साक्षरता शिविर में वृद्धों को बताए उनके अधिकार
वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार एवं वृद्धजन आवास व वृद्धाश्रम विषय पर।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार एवं वृद्धजन आवास व वृद्धाश्रम विषय पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन मंगलवार को लंगड़पुर छावनी लाइन स्थित वृद्धाश्रम में किया गया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कामायनी दुबे ने वृद्धजन का निरीक्षण किया और उसकी प्रबंधक ज्योत्सना सिंह से वृद्धाश्रम के बारे में जानकारी भी ली।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम उजाला पैलेस महुआबाग से अब लंगड़पुर छावनी लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है। वृद्धाश्रम को संचालित करने के लिए छह कर्मचारीगण कार्यरत हैं। वृद्धाश्रम में 15 पुरुष, 17 महिला कुल 32 लोग रह रहे हैं। इसकी देखरेख के लिए आठ वीडियो कैमरा लगाए जाने का कार्य चल रहा है एवं विश्राम के लिए कुर्सी, टेबल, चौकी, पंखा, कूलर, स्नान एवं शौचालय आदि की उचित व्यवस्था मौजूद थी। सचिव ने साफ-सफाई, मच्छरों के बचाव के लिए छिड़काव एवं कोविड-19
महामारी से बचाव के क्रम में टीकाकरण एवं खानपान व आवश्यक सुविधाओं के लिए निर्देशित किया गया। वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि बुजुर्ग किसी भी परिवार के हों, वह परिवार की गहरी जड़ होते हैं, जिस पर पूरा परिवार टिका होता है। वृद्धजन आवास व वृद्धाश्रम का मीनू विवरण के अनुसार उनको साप्ताहिक सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन, शाम का नाश्ता व रात्रि का भोजन के बारे बताया गया। सुबह के नाश्ते में चाय, पोहा व दोपहर के भोजन में राजमा की सब्जी, सलाद, रोटी, चावल दिया गया।