सेवराई के तहसील अध्यक्ष व मंत्री निलंबित, 600 लेखपालों को नोटिस
गाजीपुर आठ सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा लेखपालों का अनश्चितकालीन धरना दसवें दिन भी जारी रहा। जिला प्रशासन द्वारा लेखपालों को निलंबित किए जाने की कार्रवाई से लेखपालों का गुस्सा और बढ़ गया है। इधर जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई का दौर जारी है। गुरुवार को भी सेवराई तहसील के लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष व मंत्री को निलंबित कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : आठ सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा लेखपालों का अनिश्चितकालीन धरना दसवें दिन भी जारी रहा। जिला प्रशासन द्वारा लेखपालों को निलंबित किए जाने की कार्रवाई से लेखपालों का आक्रोश और बढ़ गया है। इधर जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई का दौर जारी है। गुरुवार को भी सेवराई तहसील के लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष व मंत्री को निलंबित कर दिया गया। साथ ही जनपद के करीब 600 लेखपालों के खिलाफ नोटिस जारी किया गया। बुधवार को नौ लेखपालों को निलंबित किया था।
इधर लेखपाल संघ के धरना-प्रदर्शन को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का समर्थन मिला है। परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की सारी मांगे जायज हैं। चेतावनी दी कि उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के किसी सदस्य के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी तो परिषद जनपद के सभी कार्यालयों में ताला बंद करेगा। इसके अलावा लेखपालों के धरने को शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ, मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ, रोडवेज कर्मचारी संघ, माध्यमिक कर्मचारी संघ, कोषागार कर्मचारी संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ, सिचाई संघ, जल निगम कर्मचारी संघ, नेहरू युवा कर्मचारी संघ ने समर्थन दिया है। एडीएम राजेश कुमार ने बताया कि सेवराई के तहसील अध्यक्ष संतोष तिवारी व तहसील मंत्री राजेंद्र सिंह यादव को निलंबित कर दिया गया है। 600 लेखपालों को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।