तार टूटने से 11 घंटा ठप रही आपूर्ति
जर्जर विद्युत तार टूटने से आपूर्ति बाधित
तार टूटने से 11 घंटा ठप रही आपूर्ति
जागरण संवाददाता,मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : नगर में जर्जर विद्युत तार आपूर्ति में बाधक बना ही हुआ है। नगर के शाहनिन्दा ट्रांसफार्मर से आपूर्ति करने के लिए बनाई गयी लाइन का तार पूरी तरह से टूटकर जर्जर हो चुका है। टुकड़े-टुकड़े में हो चुके तार को जोड़कर किसी तरह काम चलाया जा रहा है। मंगलवार को सुबह करीब सात बजे तीन तार टूट जाने से आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गयी। इसकी सूचना लाइन मैन को दिए जाने के बाद वह दोपहर में करीब 12 बजे मरम्मत करने पहुंचा। मरम्मत के लिए तार भी स्थानीय लोगों ने उपलब्ध कराया। तार मरम्मत के पश्चात भी आपूर्ति नहीं शुरू हुई,बल्कि शाम करीब छह बजे बहाल हो सकी। लगातार करीब 11 घंटे तक आपूर्ति बंद रहने से जहां उमस भरी गर्मी में लोग परेशान रहे वहीं पेयजल आपूर्ति भी ठप रही। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस तरह से मनमाने कृत्य से लोग काफी आक्रोशित दिखे।