एसपी ने बार्डर पर तैयारियों का लिया जायजा
पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कासिमाबाद तहसील क्षेत्र में जनपद की सीमाओं का निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कासिमाबाद तहसील क्षेत्र में जनपद की सीमाओं का निरीक्षण किया। एसपी ने बलिया जनपद की सीमा पर सिधागरघाट व मऊ की सीमा रसूलपुर में बैरियर व चेक पोस्ट पर लगे मातहतों को चेकिग करते रहने का निर्देश दिया। इसके अलावा शहर कोतवाली, सैदपुर, जमानियां, दिलदारनगर में स्थानीय पुलिस ने अर्द्धसैनिक बलों के साथ रूट मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
दुल्लहपुर : एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने गुरुवार को थाने का निरीक्षण किया। रजिस्टर में प्रविष्टियों के अपूर्ण होने पर नाराजगी जताई और थानाध्यक्ष से इसे पूरा कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा सीसीटीएनएस, मेस, शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया।
खानपुर : क्षेत्र के उचौरी से लेकर खानपुर तक विधानसभा चुनाव को देखते हुए आइटीबीपी जवानों ने गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण कर रूटमार्च किया। ध्वनि विस्तारक यंत्र से लोगों से चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की गई। उचौरी, भुवरपुर, पोखरामोड़, अनौनी, अमेदा, बिहारीगंज, फरीदहा के इलाकों में निकले जवानों के साथ खानपुर थाने की फोर्स भी शामिल रही।
दिलदारनगर : एसडीएम सेवराई राजेश प्रसाद के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को बिहार बार्डर से सटे ताजपुर कुर्रा, सिहानी, चित्रकोनी व सरैला गांव में पैरामिलिट्री संग रूट मार्च कर भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की।
सैदपुर : कोतवाल तेजबहादुर सिंह व वरिष्ठ उप निरीक्षक देवेंद्र बहादुर यादव के नेतृत्व में आइटीबीपी के जवानों ने गुरुवार को स्थानीय नगर में रूट मार्च किया।