जेल से भागे बंदियों की तलाश में पुलिस ने की छापेमारी
जासं खानपुर (गाजीपुर) थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी पाक्सो एक्ट में निरुद्ध दोनों युवकों के जेल से फरार होने की जानकारी से गांव वाले स्तब्ध हैं। गुरुवार की शाम नाबालिक के साथ छेड़खानी में इन दोनों युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जासं, खानपुर (गाजीपुर) : थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी पाक्सो एक्ट में निरुद्ध दोनों बंदियों के जेल से फरार होने की जानकारी से गांव वाले स्तब्ध हैं। पिछले गुरुवार की शाम नाबालिग के साथ छेड़खानी में इन दोनों युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। किसान प्रकाश यादव के चार पुत्रों में सबसे बड़ा विकास मुंबई में रहकर नमकीन की फैक्ट्री में काम करता था। लॉकडाउन में दो माह पूर्व घर आया था। वाराणसी में मजदूरी कर रहे चंद्रिका यादव का 19 वर्षीय पुत्र हिमांशु बीए की पढ़ाई कर रहा था। पिता का इकलौते संतान हिमांशु की मां दस साल पूर्व ही घर छोड़कर गायब हो गयी। शनिवार की देर रात से ही दोनों के घर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। दोनों युवकों के रिश्तेदारों और मित्रों के घर की जानकारी जुटाकर पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। एहतियात के तौर पर पीड़िता किशोरी के घर भी पुलिसबल की तैनाती की गयी है।