उम्मीदें-2021.. मिशन शक्ति करेगी नारी अस्मिता की सुरक्षा
जागरण संवाददाता गाजीपुर नारी सशक्तीकरण को लेकर सरकार गंभीर है।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : नारी सशक्तीकरण को लेकर सरकार गंभीर है। उनकी अस्मिता की सुरक्षा से लेकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए नित नए योजनाएं शुरू की जा रहीं हैं। वर्ष-2021 महिलाओं के लिए और बेहतर होगा।
मिशन शक्ति के तहत अगर सरकार द्वारा संचालित योजनाएं सही तरीके से लागू की जाएं तो निश्चित ही वह सुरक्षित, सशक्त व आत्मनिर्भर बनेंगी। जिले में इसको लेकर अभी से कवायद शुरू कर दी गई है और संबंधित विभागों के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसे प्रयासों के माध्यम से प्रशासन बेटियों के उत्थान के लिए से संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने खिलाफ होने वाली हिसा या अपराध की शिकायत जरूर करें। आपके पास 1090, 1070, 189, 112 जैसी तमाम विकल्प हर समय उपलब्ध हैं।
अपडेट होंगे थानों के हेल्प डेस्क
: पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए जिले के सभी 25 थानों पर अलग से हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। यहां पर महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है जो महिलाओं की काल अटेंड करती हैं और उनकी समस्या आनलाइन नोट करती हैं। हेल्प डेस्क को नए वर्ष में अपडेट करने की कवायद हो रही है ताकि यह और बेहतर काम कर सके। ऐसे प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई होगी। अभियोजन की कार्रवाई पूरी तैयारी से होगी। शीघ्र न्याय के लिए इनकी सुनवाई आवश्यकतानुसार फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी।
स्वरोजगार के लिए दिया जा रहा प्रशिक्षण
: महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। यूनियन बैंक आफ इंडिया द्वारा संचालित प्रशिक्षण केंद्र आरसेटी द्वारा नए वर्ष में हर महीने चार से पांच सौ महिलाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। यह प्रशिक्षण शुरू भी हो चुका है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत बैंक द्वारा ऋण भी उपलब्ध कराया जाएगा।
जनवरी में जागरूक करने का लक्ष्य
- महिला सशक्तीकरण के लिए काम कर रहे जिला प्रोबेशन विभाग ने जनवरी में युवाओं को जागरूक करने का लक्ष्य रखा है। जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर युवा लड़कियों को उनके अधिकार व सुरक्षा संबंधित जानकारी दी जाएगी। उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जनवरी में जागरूक किया जाएगा। इसके तहत जगह-जगह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।