सवा बारह बजे बंद मिला ईओ कार्यालय
जागरण संवाददाता बहादुरगंज (गाजीपुर) अधिकारियों के कार्यालय में न बैठने पर फरियादियो
जागरण संवाददाता, बहादुरगंज (गाजीपुर) : अधिकारियों के कार्यालय में न बैठने पर फरियादियों को कितनी परेशानी होती है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी का कार्यालय बुधवार को दोपहर 12.15 बजे बंद मिला। फरियादी घंटों उनका इंतजार करते रहे। जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, दाखिल खारिज के अलावा अन्य समस्याओं को लेकर लोग आए थे। काफी देर इंतजार करने के बाद नगर पंचायत प्रशासन की व्यवस्था को कोसते हुए चले गए। दैनिक जागरण प्रतिनिधि दोपहर 11.30 बजे पहुंचे तो कम्पयूटर कक्ष, दाखिल खारिज दफ्तर पर ताला लटक रहे थे। यही हाल ईओ कार्यालय का रहा। फरियादी अधिकारियों का इंतजार कर रहे थे। नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे फरियादी उषा, गोवर्धन गौंड़, महादेव, रज्जाक अहमद, पंकज कुमार आदि ने बताया कि मृत्यु प्रमाण, दाखिल खारिज के लिए आए हैं। अधिशासी अधिकारी के हस्ताक्षर के अभाव में प्रमाण पत्र नहीं मिल रहा है। वहीं रमेश कुशवाहा व निजामुद्दीन खां ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र के लिए आए थे। फरियादी अख्तर अंसारी ने बताया कि अलाव न जलने से राहगीरों को होने वाली परेशानी से अधिशासी अधिकारी को अवगत कराना था। उनके कार्यालय में ताला बंद है। वरिष्ठ लिपिक इकबाल खान ने बताया कि दाखिल खारिज कार्यालय के लिपित हरिप्रकाश अवकाश पर हैं। कंप्यूटर आपरेटर कुंवर अमरनाथ तहसील गए हैं। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कार्यालय मुहम्मदाबाद में कार्यरत हैं। अतिरिक्त प्रभार के रूप में स्थानीय नगर पंचायत कार्यालय का कार्यभार देखते हैं। मौके पर मौजूद सभासद रेयाज अहमद अंसारी, आफताब आलम, सैफ खान, रामविलास राय ने बताया कि अक्टूबर 2019 में अधिशासी अधिकारी कार्यभार संभाले थे। किसी भी बोर्ड की बैठक में उपस्थित नहीं रहते हैं। इससे विकास कार्य बाधित हो रहा है। महीने में एक या दो बार ही आते हैं। आरोप लगाया कि 10 से 15 मिनट के बाद किसी कार्य का हवाला देकर चले जाते। सफाई के लिए जरूरी सामान का भुगतान सात माह से लंबित है। स्थानीय नगर पंचायत में स्थाई अधिकारी की नियुक्त किया जाए। इधर, अधिशासी अधिकारी यदुनाथ ने बताया कि नगरपालिका मुहम्मदाबाद व नगर पंचायत बहादुरगंज का कार्यभार है। मंगलावार को बहादुरगंज कार्यालय में गया था।