कारगिल शहीद संजय यादव को किया याद
कारगिल शहीद संजय यादव की 22वीं पुण्यतिथि बुधवार को धनइ।
जागरण संवाददाता, देवकली (गाजीपुर) : कारगिल शहीद संजय यादव की 22वीं पुण्यतिथि बुधवार को धनईपुर में मनाई गई। इस दौरान उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। उनकी पत्नी राधिका यादव, पुत्र गौरव यादव, भाई अजय यादव समेत अन्य लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। लोकगीत गायक चंचल यादव व रवींद्र यादव ने लोकगीत प्रस्तुत कर लोगों को देश सेवा के प्रति प्रेरित किया।
तहसीलदार नीलम उपाध्याय ने कहा कि गाजीपुर की धरती शहीदों की जन्मभूमि है। शहीद संजय यादव कुमाउं बटालियन के 11वीं रेजीमेंट में कार्यरत होते हुए कारगिल युद्ध में पहली सितंबर 1999 को भारत मां की रक्षा में अपने प्राणों की आहूति दे दिए। उन्होंने गाजीपुर का नाम पूरे देश में रोशन किया। ऐसे वीर जवानों पर हमें गर्व है। वह माता पिता धन्य हैं जिन्होंने ऐसे वीर सपूत को जन्म दिया। इस जिले का स्वतंत्रता आंदोलन में भी अग्रणी भूमिका रही है। संत घनश्यामाचार्य उर्फ बालक स्वामी, कुमायुं मंडल के 13वीं बटालियन के श्रीराम यादव, भोला सिंह यादव, हुकुम यादव, सुरेंद्र यादव, रंगलाल यादव, बंगाली यादव, शहीद रामविलास यादव की धर्मपत्नी पुष्पा यादव आदि थीं। अध्यक्षता ग्राम प्रधान सुदर्शन यादव व संचालन भोला यादव ने किया।