एनएच-24 पर जाम से फजीहत, निष्क्रिय दिखी पुलिस
गाजीपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन किसी न किसी बहाने जाम पर लग जा रहा है। गुरुवार को तो ऐसा भीषण जाम लगा कि 16 घंटे बाद भी सिर्फ एक ही लेन खुल सका।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन किसी न किसी कारण जाम लग ही जा रहा है। इस बार ट्रक पर पीपल पेड़ का गिरना कारण बना। गुरुवार को किसी तरह 16 घंटे बाद वह भी सिर्फ एक ही लेन खुल सका। एक लेन साफ होने से बाइक व कार चालकों के लिए थोड़ी सहूलियत जरूर हुई लेकिन दिक्कत फिर भी होती रही। लोग घंटों तक जाम में फंसकर बिलबिलाते रहे। बावजूद इसके एक भी पुलिसकर्मी दोपहर तक दिखाई नहीं पड़ा।
मतसा: बुधवार की रात करीब 12 बजे जमानियां से गाजीपुर की तरफ जा रहा ट्रक मतसा के पास विशालकाय पीपल के पेड़ से टकरा गया। टक्कर मारते हुए वह निकला ही था कि पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक पर पेड़ गिर गया। इससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। भोर होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने पेड़ की टहनियों को काटकर हटाया और इसकी सूचना वन विभाग को दी। इससे एक-एक कर वाहन पास होने लगे, लेकिन तब तक गाजीपुर से जमानियां तक करीब 20 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। पैदल चलना भी लोगों के लिए मुश्किल था। सुबह करीब 10 बजे जब लोग अपने घर से जिला मुख्यालय जाने के लिए निकले तो जाम और भीषण हो गया। ऐसे में ताड़ीघाट से ट्रेन पकड़ने वाले दर्जनों यात्रियों की ट्रेन छूट गई। वन विभाग की टीम पेड़ काटने के लिए शाम चार बजे तक नहीं पहुंच सकी थी। इससे गुरुवार की शाम चार बजे तक सिर्फ एक ही लेन साफ हो सका था। दूसरे लेन पर ट्रकों की लंबी लाइन लगी रही।
----- रजागंज और सुहवल पुलिस बनी रही मूकदर्शक
जाम रात्रि 12 बजे से ही लगा था लेकिन सुहवल और रजागंज चौकी पुलिस मूकदर्शक बनी रही। दोपहर करीब 11 बजे तक कोई पुलिसकर्मी जाम छुड़ाने नहीं आए। वहीं लोगों के मनमाने से और भी जाम लग गया। 11:30 बजे सुहवल पुलिस के दो-तीन पुलिसकर्मी आए। उसके कुछ देर बाद थोड़ी राहत मिली। वहीं रजागंज चौकी पुलिस तो बैठ कर जाम देखती रही। 12 बजे यहां से दो पुलिसकर्मी जाम छुड़ाने के लिए निकले। इससे लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है।