अवदर सलेमपुर प्राथमिक विद्यालय में चोरी के बाद जला दिए रिकार्ड
आग की सूचना पर इनसे पहले पुलिस पहुंच गई और जांच-पड़ताल की।
अवदर सलेमपुर प्राथमिक विद्यालय में चोरी के बाद जला दिए रिकार्ड
जागरण संवाददाता, जखनियां (गाजीपुर) : मनिहारी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय अवदर सलेमपुर के कार्यालय में चोरी के बाद फर्नीचर व कागजात आदि सामान को चोरों ने जला दिया। बच्चों के एमडीएम का खाद्यान्न भी जल गया। इतना कुछ होने के बावजूद ना तो विद्यालय के प्रधानाध्यापक और ना ही अध्यापक समय से पहुंचे। आग की सूचना पर इनसे पहले पुलिस पहुंच गई और जांच-पड़ताल की। काफी देर बाद पहुंचे प्रधानाध्यापक ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
प्राथमिक विद्यालय अवदर सलेमपुर की स्थिति काफी दयनीय है। इसके जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ यहां तैनात प्रधानाध्यापक और अध्यापक हैं। ग्रामीणों की माने तो यह कभी भी समय से नहीं पहुंचते। यहां तैनात शिक्षामित्र के भरोसे ही विद्यालय संचालित होता है। यही कारण है कि अभिभावक अपने बच्चे को निजी विद्यालय में भेजने को विवश हैं। यहां प्रधानाध्यापक, तीन सहायक अध्यापक और दो शिक्षामित्र हैं। शिक्षामित्रों को छोड़ शेष सभी काफी दूर से आते हैं। शनिवार को सामान सहित सभी जरूरी कागजात भी जला दिए गए, प्रधानाध्यापक को सूचित भी किया गया, लेकिन सुबह 8.20 बजे तक वह नहीं पहुंचे और ना ही कोई अन्य। इन लोगों से पहले पुलिस पहुंच गई।
प्रधानाध्यापक आलोक रंजन से पूछने पर उन्होंने बताया कि एक सहायक अध्यापक छुट्टी पर हैं, वहीं दूसरे की गाड़ी खराब होने से उन्हें विलंब हो गया। छात्रों की उपस्थिति व पठन-पाठन के अलावा एमडीएम बनवाने के सवाल पर टाल-मटोल करने लगे। खंड शिक्षा अधिकारी उदय चंद्र राय ने बताया कि विद्यालय में आग लगने की सूचना मिली है। कार्रवाई की जा रही है।
शादियाबाद : प्रधानाध्यापक आलोक रंजन ने तहरीर देकर बताया कि चोर ताला तोड़कर रसोईघर में रखा गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन स्टार्टर चोरी कर ले गए। कार्यालय का ताला तोड़कर सभी रजिस्टर व अभिलेख जला दिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।