खरीद नहीं होने पर धान में आग लगाकर विरोध
जागरण संवाददाता भदौरा (गाजीपुर) दो दिनों से खरीद नहीं होने से नाराज किसानों ने सेवराई
जागरण संवाददाता, भदौरा (गाजीपुर) : दो दिनों से खरीद नहीं होने से नाराज किसानों ने सेवराई क्रय केंद्र पर शुक्रवार को कुछ धान में आग लगाकर विरोध जताया। आरोप लगाया कि क्रय केंद्रों पर सीधे तौर पर मनमानी की जा रही है। चेताया कि यदि धान की खरीद शीघ्र नहीं शुरू हुई तो व्यापक तौर पर आंदोलन किया जाएगा।
चंदौली में धान क्रय केंद्र पर किसी अधिकारी से विवाद हो जाने के विरोध में गुरुवार को सभी हड़ताल पर रहे। शुक्रवार को खरीद शुरू होने वाली थी, लेकिन किसी कारण सेवराई केंद्र पर खरीद नहीं हो सकी। इससे आक्रोशित किसान किसान नेता भानुप्रताप सिंह के नेतृत्व में केंद्र पर पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। किसानों का आरोप है कि सेवराई क्रय केंद्र सहित अन्य क्रय केंद्रों पर महीनों से कई किसानों का धान पड़ा है। बारिश में भींग रहा है और खरीद नहीं हो पा रही है। कभी टोकन के माध्यम से तो कभी आफलाइन सिस्टम से धान की खरीद का फरमान जारी किया जा रहा है। बदलते निर्णय से किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस भयंकर ठंड में किसान केंद्रों पर धान लेकर खड़े हैें, लेकिन धान नहीं खरी नहीं हो रही है। विकास बिद, चंद्रमौली पांडेय, सोनू सिंह, रासबिहारी श्रीवास्तव, रामप्रवेश सिंह, प्रशांत सिंह, दिनेश सिंह, सोनू यादव आदि रहे। केंद्र के प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि हड़ताल के कारण धान की खरीद नहीं हुई, शनिवार से शुरू हो जाएगी।