त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भागीदारी बढ़ाने पर जोर
गाजीपुर आलमपट्टी जगदीशपुरम के पास स्थित एमजेआरपी स्कूल में कुशवाहा समाज की बैठक हुई जिसमें समाज की आर्थिक राजनैतिक शैक्षिक व सामाजिक विकास की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।
जासं, गाजीपुर : आलमपट्टी जगदीशपुरम के पास स्थित एमजेआरपी स्कूल में कुशवाहा समाज की बैठक हुई जिसमें समाज की आर्थिक, राजनीतिक, शैक्षिक व सामाजिक विकास की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। आने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में समाज की भागीदारी बढ़ाने व एक विशाल सम्मेलन कराने का निर्णय लिया गया।
पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा ने कहा कि हमारे समाज की अतीत गौरवशाली रहा है। समय-समय पर जन्में तमाम संतों, महापुरुषों व शासकों ने देश ही नहीं बल्कि विश्व को नई दिशा देने का काम किया है। देश में हमें कुशवाहा, मौर्या, शाक्य, सैनी, गहलोत, माली, रेड्डी व रामी आदि उपनामों से जाना जाता है। देश में काफी संख्या होते हुए भी हम लोग अपनी सामाजिक व राजनीतिक पहचान खोते जा रहे हैं। परिवर्तन आवश्यक है। इसके लिए आत्ममंथन करना होगा। अन्य समाज की अपेक्षा हम पिछड़ते जा रहे हैं। नौजवानों का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान परिवेश में नौजवानों को आगे आकर क्रांति की मशाल अपने हाथ में लेनी होगी। यदि आज हम अपनी शक्ति पहचान जाएं तो पुन: गौरवशाली इतिहास को दोहराया जा सकता है। पूर्व विधायक रामनारायण कुशवाहा ने कहा कि समाज के विकास के लिए पुरानी व नई पीढ़ी को साथ आना होगा। पूर्व विधायक उमाशंकर सिंह ने कहा कि समाज का इतिहास पढ़ने के साथ इसे अमलीजामा पहनाया जाए। बैठक में श्यामलाल कुशवाहा, राधेश्याम कुशवाहा, देवनाश कुशवाहा, ओमप्रकाश अकेला, रामकृत कुशवाहा, लालू कुशवाहा, विजय बहादुर व कमलेश आदि रहे। अध्यक्षता श्यामनारायण कुशवाहा व संचालन जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने किया।