सिविल बार एसोसिएशन का चुनाव आज, तैयारियां पूरी
जासं गाजीपुर सिविल बार एसोसिएशन चुनाव 19 दिसंबर को होगा। इसको लेकर चुनाव अधिकारियों की ओर से तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई है। सुबह 10 बजे से लेकर चार बजे तक 936 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे।
जासं, गाजीपुर : सिविल बार एसोसिएशन चुनाव 19 दिसंबर को होगा। इसको लेकर चुनाव अधिकारियों की ओर से तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। गुरुवार को सुबह 10 से लेकर सायं चार बजे तक 936 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे। अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व महासचिव पद के लिए नौ प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद मतगणना होगी। इसके बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी।
वर्ष 2019-20 का चुनावी बिगुल बजते ही अधिवक्ता अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए एक सप्ताह से जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। इधर मुख्य चुनाव अधिकारी अरविद कुमार सिंह उर्फ सिंहासन सिंह के नेतृत्व में बुधवार को सहायक चुनाव अधिकारी श्याम जी सिंह व अखिलेश राय ने सिविल बार सभागार में दो व उमाकांत मेमोरियल हाल में एक बूथ बनाया। सुबह दस बजे से शुरू होने वाले चुनाव के दौरान बूथ संख्या एक पर अधिवक्ताओं की सदस्यता संख्या एक से 290 तक वोट पड़ेगा। साथ बूथ संख्या दो पर सदस्यता संख्या 291 से 660 तक के अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके अलावा बूथ संख्या तीन पर 661 से 936 तक के वोट डाले जाएंगे। मुख्य व सहायक चुनाव अधिकारियों के अलावा 12 अन्य सदस्य चुनाव को सकुशल संपन्न कराने में मदद करेंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर जहां सुरक्षा के बंदोबस्त किए गए हैं। ठंड को देखते हुए कचहरी में अलाव की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि उन्हीं अधिवक्ताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने दिया जाएगा जो बार काउंसिल उत्तर प्रदेश से जारी पहचान-पत्र लेकर आएंगे।