श्रमिकों के कम पंजीयन पर डीएम नाराज
राइफल क्लब में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को जनपद स्तर।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : राइफल क्लब में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को जनपद स्तरीय कार्यान्वयन समिति, जिला टास्क फोर्स, जनपद बाल श्रम उन्मूलन समिति एवं श्रम कल्याण परिषद की बैठक विभागीय अधिकारियों एवं असंगठित कामगारों से जुड़े प्रतिनिधियों व समिति के सदस्यों के साथ की। विभागीय समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में ई-श्रम पोर्टल पर लक्ष्य के सापेक्ष अब तक की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी स्टाक होल्डर विभागों को लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए निर्देशित किया।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश ने बताया कि असंगठित कामगारों का पंजीकरण के लिए ई-श्रम पोर्टल विकसित किया गया है। जिससे ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत कामगारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा सकेगा। असंगठित क्षेत्र के कामगारों का पंजीकरण ई-श्रम पोर्टल पर निश्शुल्क है। कामगारों को किसी भी पंजीकरण इकाई, सीएससी संचालक इत्यादि को कोई शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है। जिला श्रम अधिकारी लईक अहमद ने बताया कि सभी विभागों व स्टेक होल्डर्स के लिए असंगठित क्षेत्र के कामगारों के पंजीकरण के लिए लक्ष्य निर्धारण करते हुए 31 दिसंबर तक का समय दिया गया है। पंजीकृत कामगार को दो लाख का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा।