ठंड व गलन ने बढाई ठिठुरन
जागरण संवाददाता गाजीपुर ठंड व गलन ने ठिठुरन बढ़ा दी। लोग बुधवार को जगह-जगह अलाव
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : ठंड व गलन ने ठिठुरन बढ़ा दी। लोग बुधवार को जगह-जगह अलाव तापते नजर आए। दोपहर बाद निकली धूप भी लोगों को राहत नहीं दे रही थी। शाम होते ही लोग घरों में दुबकने लगे। वहीं बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। बिक्री कम होने से दुकानदार भी मायूस दिखे।
रेलवे स्टेशन व बस अड्डों पर भी लोगों की तादात ना के बराबर रही। पशु हो या इंसान सभी इस कपकपाती ठंड में ठिठुरे दिखे।
बीते कुछ दिनों से गलन कम होने का नाम नहीं ले रही, न्यूनतम पारा अपने स्थान पर रुका हुआ है। इसके चलते बाजार में आम दिनों की अपेक्षा लोगों की संख्या कम रही। शाम होते ही लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ कपिलदेव शर्मा ने बताया कि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मुहम्मदाबाद : लगातार कई दिनों से गलन युक्त ठंड पड़ने से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंड के चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। सार्वजनिक जगहों पर प्रशासन की ओर से अलाव न जलाए जाने से सबसे अधिक परेशानी वाहन के इंतजार में वाहन स्टैंडों पर खड़े लोगों, रिक्शा आदि चलाने वालों को उठानी पड़ रही है। वहीं गलन से फसलों को बचाने के लिए किसान खेतों की सिचाई व आलू के पौधों पर दवा का छिड़काव कर रहे हैं। लावारिश पशुओं की दशा बेहद खराब दिख रही है। ठंड से बचाव के लिए बंसवार आदि झुरमुट वाले जगहों पर शरण लेने को बाध्य हैं।