बादलों की आंखमिचौली से अन्नदाता चितित
जागरण संवाददाता गाजीपुर बादलों की आंख-मिचौली से अन्नदाता चितित हैं। बुधवार की सुबह बादलों की आवाजाही बनी रही।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : बादलों की आंख-मिचौली से अन्नदाता चितित हैं। बुधवार की सुबह बादलों का डेरा था तो दोपहर तक आसमान साफ हो गया। इससे ठंड में भी कमी आई। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं पश्चिमी हवा औसत पांच से सात किलोमीटर प्रति घंटा से चलने की उम्मीद है। बुधवार का अधिकतम 26 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आलू पर बढ़ा पिछैती झुलसा का खतरा
कृषि विज्ञान केंद्र के फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डा. ओंकार सिंह ने बताया कि अगर आसमान पर बादल बने रहते हैं या पाला पड़ता है तो आलू पर पिछैती झुलसा रोग का खतरा बढ़ सकता है। इसके लिए किसान फसलों की सिचाई कर खेत के चारों ओर धुंआ कर दें इससे पाला का खतरा कम हो जाता है। वहीं इसके बचाव के लिए किसान मेंकोजेप का छिड़काव कर आलू की फसल का बचाव कर सकते हैं। अगर बारिश हो जाती है तो सरसों एवं चना पर रोग का खतरा बढ़ जाता है। इसके लिए मौसम साफ होने पर किसान दवा का छिड़काव कर सकते हैं।
उधर बीते तीन दिनों से आसमान पर लगातार बादलों का घेरा रहा। मंगलवार की सुबह से ही आसमान पर घने बादल छाए रहे। दूसरे दिन बुधवार को मौसम थोड़ा साफ रहा तो लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं नगरपालिका की ओर से नगर में केवल कुछ स्थानों पर अलाव की व्यवस्था होने से लोग रात में ठंड से कांपते नजर आए। हालांकि नगरपालिका ने दावा तो 51 स्थानों पर अलाव जलाने का किया है लेकिन कुछ ही स्थानों पर अलाव जलने से लोग काफी मायूस नजर आए।
---