युवक का गांगी नदी में मिला शव
थाना क्षेत्र के खोजनपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर गांग
जागरण संवाददाता, सैदपुर (गाजीपुर) : थाना क्षेत्र के खोजनपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर गांगी नदी में बलुआपार गांव निवासी राज (18) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव घरवालों को सुपुर्द कर दिया।
बलुआपार गांव निवासी राज गुरुवार को साइकिल से भितरी बाजार गया था। उसके साथ दूसरी साइकिल से दो अन्य साथी भी गए थे। वापस आते समय राज खोजनपुर स्थित छलका पुलिया पर रुककर साइकिल धोने लगा और दोस्तों से कहा कि तुम लोग जाओ नहाकर आऊंगा। देर शाम तक घर नहीं आया तो घरवालों ने खोजबीन शुरू की। ग्रामप्रधान वीरेंद्र यादव गांव के कुछ लोगों के साथ पहुंचे और अपने स्तर से काफी देर तक नदी में छानबीन कराई, लेकिन पता नहीं चल सका। अगले दिन शुक्रवार की दोपहर में छलका पुल से 500 मीटर दूरी पर युवक का शव मिलने की सूचना पर घरवाले पहुंचे तो राज का शव देख अवाक रह गया। पिता पप्पू राम व मां टीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक चार बहनों व दो भाइयों में पांचवें नंबर पर था। चारों बहनों की शादी हो चुकी है। भाई की मौत की सूचना पर वे भी बिलखते हुए पहुंचीं। कोतवाल राजीव सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घरवालों के कहने पर पंचनामा के बाद शव सुपुर्द कर दिया गया।