संचारी रोग के प्रति किया सतर्क
अगर विद्यालय में बच्चों को 15 दिन तक खांसी बुखार है तो तत्काल इसकी जानकारी स्वास्थ्य केंद्र को दें।
संचारी रोग के प्रति किया सतर्क
जागरण संवाददाता, जमानियां (गाजीपुर) : पीएचसी के सभागार कक्ष में सोमवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत प्राथमिक व उच्चप्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को रोग बचाव की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. रवि रंजन ने कहा कि संचारी रोग के रोकथाम के लिए एक जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलेगा। विद्यालयों की ओर से संचारी रोग जागरूकता रैली निकाली जाएगी।
अगर विद्यालय में बच्चों को 15 दिन तक खांसी बुखार है तो तत्काल इसकी जानकारी स्वास्थ्य केंद्र को दें। बच्चों को भी मच्छरों से बचाएं क्योंकि मच्छरों की वजह से डेंगू और दूसरे प्रकार के बुखार फैलते हैं। ऐसे में जरूरी है कि घर के आसपास पानी का जमाव न होने दें। कूलर के पानी को सप्ताह में एक बार साफ करें। यदि कहीं मच्छरों के लार्वा पनपते हैं तो उन्हें नष्ट कर दें। घर की खिड़कियों पर जाली लगाएं। पूरी आस्तीन के कपड़े पहने व पानी को उबालकर पीएं। इन दो महीने सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। विद्यालयों पर आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी गांव गांव जाकर सभी को जागरूक करेंगी। जागरूकता अभियान चलाने के साथ विशेष सफाई अभियान भी चलाएं। चंद्रबली सिंह यादव, मंगलदेव, राकेश सिंह कुशवाहा, विनोद सिंह कुशवाहा, शिव बच्चन राम, सुरेंद्र सिंह, संजय शर्मा, रेनु देवी आदि मौजूद रहीं।