आज निकलेगी समाजवादी विजय रथ यात्रा
मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज बुधवार को जिले में होंगे
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज बुधवार को जिले में होंगे। वह हैदरिया (फखनपुरा) के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के निकट आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद बस द्वारा समाजवादी विजय रथ यात्रा आजमगढ़ होते हुए लखनऊ के लिए रवाना हो जाएगी। इससे वह चुनावी फिजा बनाएंगे। इसे लेकर सपाजन उत्साहित हैं। उनका जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।
अखिलेश यादव एक दिन पहले 16 नवंबर को ही यहां कार्यक्रम रखे थे, लेकिन जिला प्रशासन की अनुमति न मिलने पर इसे बुधवार को रखा गया। उधर, कार्यक्रम को लेकर पूरे दिन कसरत होती रही। एक्सप्रेस-वे के समीप हेलीपैड बनकर तैयार हो गया। बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी की तैनाती की गई है। सपा जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने बताया कि हमारी तैयारी पूरी है। बताया कि पूर्व सीएम 11.30 बजे पहुंचेंगे। वह कुल एक घंटे रहेंगे। बताया कि हम मंगलवार को पूर्वांचल पर पुष्पवर्षा करना चाह रहे थे, लेकिन जिला प्रशासन ने ऐसा होने नहीं दिया। हालांकि एक-दो जगह कुछ युवा कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाए। उधर, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, संतोष यादव सहित तमाम नेता कार्यक्रम की सफलता में लगे रहे।
सुनील यादव साजन ने बताया कि यह यात्रा गाजीपुर से लखनऊ तक जाएगी। यह अबतक की सबसे लम्बी यात्रा होगी। इधर हैदरिया (फखनपुरा) के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के समीप हेलीपैड का निर्माण मंगलवार को किया गया।
मतदान और मतदाता के बारे में दी जानकारीमौधा (गाजीपुर) : क्षेत्र के कई जगहों पर मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के सभ्रांत व्यक्तियों द्वारा स्कूल और कालेज में छात्रों को मतदान संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। पिछले चुनाव के दौरान कई मतदाता 18 वर्ष की उम्र से ज्यादा होने के बावजूद भी वोट नहीं दे पाए हैं। इसलिए सरकार इस बार विशेष ध्यान दे रही है। इसी क्रम में बिहारीगंज तथा सिधौना बाजार स्थित श्री रामकरण पीजी कालेज में शिक्षकों द्वारा छात्रों को जागरूक किया गया। इसमे लगभग 600 से अधिक छात्र और छात्राएं मौजूद रहीं। बताया गया कि आपका नाम एक विधानसभा के अलावा किसी और विधानसभा में है तो एक को अवश्य कटवा दें।