गंगाजल से किया भगवान आशुतोष को अभिषेक
फोटो 6 एसबीडी 2 - ट्रांस हिडन के मंदिरों में शिवरात्रि पर जलाभिषेक किया गया जागरण सं
फोटो 6 एसबीडी 2
- ट्रांस हिडन के मंदिरों में शिवरात्रि पर जलाभिषेक किया गया
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद :
शिवरात्रि पर ट्रांस हिडन के मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। वहीं, मंदिरों में जलाभिषेक के साथ शिव पूजन, भजन कीर्तन व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोरोना संकट के चलते ज्यादातर लोगों ने घर पर ही पूजा पाठ किया।
मोहन नगर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए पहुंचने लगे। दोपहर बाद तक यहां शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। इस दौरान हर हर महादेव के उद्घोष से माहौल भक्तिमय हो गया। वहीं, मोहन नगर के पार्श्वनाथ पैराडाइज सोसायटी स्थित श्री शिव शक्ति मंदिर, कौशांबी सेंट्रल पार्क स्थित प्राचीन सनातन धर्म मंदिर, शिप्रा सनसिटी स्थित शिव हनुमान मंदिर, शिप्रा रिवेरा स्थित मंदिर में सुबह रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद दोपहर तक श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए आते रहे।
कोविड से बचाव को किया जागरूक : श्री शिव शक्ति मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित डॉ. गिरीश मिश्रा का कहना है कि मास्क पहनने और हाथ सैनिटाइज करने के बाद ही मंदिर में प्रवेश दिया गया। लोगों से शारीरिक दूरी का पालन करते हुए जलाभिषेक व पूजा करने की अपील की गई।