जागरण संवाददाता, मोदीनगर:
यातायात पुलिस की लापरवाही के चलते विपरीत दिशा में चलने वाले वाहन चालकों पर लगाम नहीं लग पा रही है। जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति बन रही है। रविवार की सुबह भी इसी के चलते हाईवे पर लोगों को दो घंटे तक जाम झेलना पड़ा। सबसे ज्यादा बुरी स्थिति बस अड्डे के आसपास थी।
मुरादनगर में रैपिड रेल निर्माण कार्य तेजी पकड़ चुका है। दोनों तरफ बैरिकेड कर दी गई हैं और वाहनों के यूटर्न व दूसरी तरफ पहुंचने के लिए थोड़ी-थोड़ी दूरी पर कट भी छोड़े गए हैं। इसके बावजूद कटों का इस्तेमाल न कर कुछ लोग विपरीत दिशा में चल रहे हैं। जिससे हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पिछले तीन, चार दिन से इसी कारण हाईवे पर जाम लग रहा है। रविवार को भी उखलारसी रजवाहा, बृजविहार, जलालपुर कट से बड़ी संख्या में लोग आगे घुमकर आने की बजाय जल्दबाजी के चक्कर में विपरीत दिशा में आ गए। इससे सही दिशा में आगे बढ़ रहे वाहनों की गति पर विराम लग गया। इसी तरह असालतनगर के आसपास भी जाम की स्थिति बन गई। हालात बेकाबू होने पर इसकी सूचना एनसीआरटीसी के कर्मचारियों ने अपने उच्चाधिकारियों को दी। उच्चाधिकारियोंने प्रकरण को यातायात पुलिस के संज्ञान में लाकर जाम खुलवाने की अपील की। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई तो विपरीत दिशा में चल रहे वाहनों को सही दिशा में कराया। करीब 11 बजे के आसपास यातायात सामान्य हो सका। लोगों को दो घंटे तक जाम में फंसकर परेशानी उठानी पड़ी। उधर, शाम के समय वाहनों का दबाव बढ़ने पर मोदीनगर में बस अड्डे के आसपास जाम की स्थिति बन गई। लोगों को करीब एक घंटे रेंग-रेंगकर चलना पड़ा। अन्य दिनों की अपेक्षा हाईवे पर यातायात व्यवस्था काफी हद तक सही रही। इस बारे में यातायात निरीक्षक सुरेंद्र तिवारी का कहना है कि विपरीत दिशा में चलने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधीनस्थों को और गंभीरता से काम करने के आदेश दिए गए हैं। किसी भी कीमत पर हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
गाजियाबाद में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे
डाउनलोड करें हमारी नई एप और पायें
अपने शहर से जुड़ी हर जरुरी खबर!