Move to Jagran APP

यूपी गेट पर पूरी तरह सामान्य हुआ यातायात

जागरण संवाददाता साहिबाबाद कृषि कानून विरोधी प्रदर्शन की वजह से सालभर से ज्यादा समय से यूपी

By JagranEdited By: Published: Fri, 17 Dec 2021 07:55 PM (IST)Updated: Fri, 17 Dec 2021 07:55 PM (IST)
यूपी गेट पर पूरी तरह सामान्य हुआ यातायात
यूपी गेट पर पूरी तरह सामान्य हुआ यातायात

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : कृषि कानून विरोधी प्रदर्शन की वजह से सालभर से ज्यादा समय से यूपी गेट पर बंद दिल्ली के सभी रास्ते शुक्रवार को पूरी तरह खुल गए। वाहन चालक चंद मिनट में यूपी गेट होकर दिल्ली पहुंच गए। यहां यातायात सामान्य होने से ट्रांस हिडन की आंतरिक सड़कों और दिल्ली की अन्य सीमाओं पर वाहनों का दबाव कम हो गया। वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को राहत मिली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और गाजियाबाद नगर निगम ने शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-नौ की दिल्ली जाने वाली अप लेन और सर्विस रोड की सफाई व मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया। गाजियाबाद पुलिस ने दोपहर 12 बजे इन रास्तों को यातायात के लिए खोल दिया। उसी सयम एलिवेटेड रोड की राजनगर एक्सटेंशन से यूपी गेट जाने वाली लेन भी खोल दी गई। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे बुधवार रात और राष्ट्रीय राजमार्ग-नौ की डाउन लेन बृहस्पतिवार सुबह ही खुल गई थी। अब यूपी गेट पर यातायात का सामान्य रूप से संचालन शुरू हो गया। दिल्ली की अन्य सीमाओं पर राहत : हर दिन करीब दो लाख वाहन यूपी गेट होकर दिल्ली जाते हैं। प्रदर्शन के दौरान उन वाहनों को खोड़ा, ईडीएम माल, महाराजपुर, चंद्रनगर, ज्ञानी बार्डर, भोपुरा होकर दिल्ली जाना पड़ता था। यातायात पुलिस ने डासना से ही जगह-जगह रूट डायवर्जन किया था। इन सीमाओं पर वाहनों का दबाव अधिक होने से जाम की स्थिति रहती थी। यूपी गेट खुल जाने से इन सीमाओं पर वाहनों का दबाव कम हो गया। इससे जाम की स्थिति नहीं बनी। यहां से गुजरने वाले राहगीरों को राहत महसूस हुई। स्थानीय निवासियों को भी राहत : यूपी गेट बंद होने पर तमाम वाहन इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, राजेंद्र नगर की आंतरिक सड़कों से होकर गुजरते थे। उनमें बड़े व माल वाहक वाहन भी होते थे। इससे इन रिहायशी इलाकों की सड़कों पर जाम लगता था। हादसे की संभावना बनी रहती थी। अब यह समस्या भी दूर हो गई है। सुबह लगा जाम : शुक्रवार सुबह यूपी गेट पर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के बावजूद कुछ वाहन चालक पहुंच गए। उन्हें वापस होना पड़ा। इस दौरान जाम की स्थिति बनी। वाहन चालक वापस होकर फ्लाईओवर के नीचे से होकर दिल्ली गए। यूपी गेट पर सभी रास्ते खोल दिए गए हैं। यातायात पूरी तरह से सामान्य हो गया है।

loksabha election banner

- रामानंद कुशवाहा, यातायात पुलिस अधीक्षक, गाजियाबाद यूपी गेट के रास्ते बंद होने पर गाजीपुर होकर दिल्ली जाना पड़ता था। इससे ईंधन और समय बर्बाद होता था। सड़क खराब होने से दिक्कत और बढ़ जाती थी। अब रास्ते खुल जाने से काफी राहत मिली है।

- डा. रमेश त्रिपाठी, चिकित्सक, वसुंधरा कारोबार के सिलसिले में हर दिन दिल्ली जाना पड़ता है। साल भर से ज्यादा समय रास्ता बंद होने से बहुत तकलीफ हुई। पैसे और समय की भी बर्बादी हुई। अब उससे निजात मिल जाएगा।

- रवि, कारोबारी, अर्थला आंतरिक सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ा था। वैशाली से बसें गुजरती थीं। इससे जाम लगता था। अब यह समस्या दूर हो गई।

- डा. सचिन भार्गव, चिकित्सक, वैशाली


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.