ट्रैक्टर को नहीं मिला प्रवेश, कार से दिल्ली गए राकेश टिकैत
जागरण संवाददाता साहिबाबाद भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकै
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद :
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने दिल्ली में सरकार के साथ होने वाली वार्ता में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर से जाने का प्रयास किया। दिल्ली पुलिस ने ट्रैक्टर दिल्ली में नहीं जाने दिया। इसके बाद वह पुलिस स्काट में निजी कार से वार्ता में शामिल होने दिल्ली रवाना हुए। वहीं, दिन में किसानों ने भी ट्रैक्टर दिल्ली में ले जाने का प्रयास किया।
यूपी गेट पर दिल्ली से गाजियाबाद आने वाली लेन पर शनिवार दोपहर करीब पौने 12 बजे राकेश टिकैत ट्रैक्टर लेकर दिल्ली पुलिस की बैरिकेड के पास पहुंचे। उन्होंने ट्रैक्टर से दिल्ली जाने की बात कही। इसके बाद दिल्ली सीमा पर आरएएफ और सीआइएसएफ के जवान सतर्क हो गए। राकेश टिकैत ने कहा कि वह ट्रैक्टर के कागजात और अपना ड्राइविग लाइसेंस भी दिखाएंगे, लेकिन दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने ट्रैक्टर ले जाने की अनुमति नहीं दी। अधिकारियों ने राकेश टिकैत से कहा कि दिल्ली पुलिस की गाड़ी से जा सकते हैं। इसके बाद राकेश टिकैत धरनास्थल पर लौट गए। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे राकेश टिकैत सरकार के साथ वार्ता में शामिल होने के लिए निजी वाहन से पुलिस स्काट के साथ दिल्ली रवाना हुए। वहीं, आंदोलन कर रहे किसानों ने दिन में तीन बार अपने ट्रैक्टर से दिल्ली पुलिस के बैरिकेड में टक्कर मारा और अपनी ताकत का एहसास कराया। वहीं, यूपी गेट पर चल रहे आंदोलन में शनिवार दोपहर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह भी पहुंचे। उन्होंने किसानों के इस आंदोलन को हर तरह से समर्थन देने की बात कही।