अवर अभियंता को धमकी देने का आरोप
जासं गाजियाबाद बिजली निगम के अवर अभियंता ने लोहिया नगर के पार्षद पर दफ्तर में घुसकर जान
जासं, गाजियाबाद : बिजली निगम के अवर अभियंता ने लोहिया नगर के पार्षद पर दफ्तर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित पार्षद के खिलाफ सिहानी गेट थाने में तहरीर दी गई है।
अवर अभियंता सर्वेश कुमार ने बताया कि लोहिया नगर में उनका दफ्तर है। आला अधिकारियों के आदेश पर बिजली निगम की टीम राजस्व वसूली कर रही है। निगम की टीम सोमवार को लोहिया नगर में बकाया वसूली करने गई थी। कुछ लोगों ने कई माह से बिजली का बिल जमा नहीं किया था। निगम की टीम ने उनका कनेक्शन काट दिया। इसके विरोध में दोपहर डेढ़ बजे वार्ड 69 के पार्षद जितेंद्र पाल उनके दफ्तर में पहुंचे और कनेक्शन काटने पर गाली-गलौज करने लगे। कनेक्शन नहीं जोड़ने पर निलंबित कराने की धमकी दी। पार्षद जान से मारने की धमकी देकर चले गए। एसएचओ कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि आरोपित पार्षद के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा। इस संबंध में पार्षद को कई बार फोन कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई। मगर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।