बस में यात्रा से पूर्व यात्रियों की हो रही थर्मल स्कैनिग
संवाद सहयोगी लोनी कोरोना संक्रमण से लोगों के बचाने के लिए और यात्रियों को उनके गंतव्य तक
संवाद सहयोगी, लोनी: कोरोना संक्रमण से लोगों के बचाने के लिए और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेजकर्मी यात्रा से पूर्व यात्रियों की थर्मल स्कैनिग कर सैनिटाइज कर रहे है। यात्रा करने के लिए के लिए यात्रियों का मास्क पहनना और शारीरिक दूरी के साथ बैठना अनिवार्य है। लोनी रोडवेज डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आलोक दास ने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्यों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए सर्तकता बरती जा रही है। यात्रियों को सैनिटाइज करने के लिए डिपो परिसर में सैनिटाइजर स्टैंड लगाए गए है। वहीं डिपो से चलने से पूर्व बसों को सैनिटाइज कराया जा रहा है। बस में बैठने से पूर्व सभी यात्रियों की थर्मल स्कैनिग कर सैनिटाइज किया जा रहा है। यात्रा करने के लिए यात्रियों का मास्क पहनना और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि परिचालकों को रास्ते में मिलने वाले यात्रियों को बस में चढ़ने से पूर्व गेट पर ही सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए है। रोडवेज कर्मियों का भी रखा जा रहा ध्यान : कोरोना महामारी से कर्मचारियों के बचाव के लिए ध्यान रखा जा रहा है। बसों को सैनिटाइज करने वाले कर्मियों को पीपीई किट उपलब्ध कराई गई है। किट पहने के बाद ही कर्मचारी डिपो में बाहर से आने वाली और डिपो से बाहर जाने वाली बस को सैनिटाइज करते हैं। प्रत्येक बस में फर्स्ट ऐड किट के साथ-साथ सैनिटाइजर भी उपलब्ध है।